Rajasthan Lok Sabha Chunav 2024 Highlights: राजस्थान में शाम 5 बजे तक 59% से ज्यादा मतदान, हर सीट के देखिए आंकड़े

Rajasthan Lok Sabha Polls 2024 Phase 2 Live: राजस्थान में दूसरे चरण का रण जारी है। 13 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इनमें उदयपुर, राजसमंद, बांसवाड़ा, कोटा, जोधपुर, टोंक-सवाई माधोपुर, जालोर-सिरोही, पाली, बाड़मेर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़-बारां सीटें शामिल हैं। इस बार पिछले चरण के मुकाबले वोटिंग की रफ्तार तेज नजर आ रही है

अपडेटेड Apr 26, 2024 पर 6:33 PM
Story continues below Advertisement
RAJASTHAN LOK SABHA ELECTION: राजस्थान में दूसरे चरण में 152 प्रत्याशी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav 2024 phase 2 Voting LIVE: राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है। इस चरण में कई अहम सीटें हैं, जिन पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। पहले चरण में काफी कम मतदान हुआ था। लिहाज दूसरे चरण की वोटिंग के लिए राजनीतिक पार्टियों ने अपनी पूरा ताकत झोंक दी है। राजस्थान में दूसरे चरण में टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर-जैसलमेर, जालोर-सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा हैं। शाम 5 बजे तक के आंकड़े आ गए हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav 2024 Voting LIVE Update Here:-

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: बाड़मेर में सबसे ज्यादा और पाली में सबसे कम वोटिंग (06.05PM)


राजस्थान के अजमेर में शाम 5 बजे तक 52.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसी तरह उदयपुर में 59.54 फीसदी, कोटा में 65.38 फीसदी, चित्तौड़गढ़ में 61.81 फीसदी, जालौर में 57.75 फीसदी, जोधपुर में 58.35 फीसदी, झालावाड़-बारां में 65.23 फीसदी, टोंक-सवाई माधोपुर में 51.92 फीसदी, पाली में 51.75 फीसदी, बांसवाड़ा में 68.71 फीसदी, बाड़मेर में 69.79 फीसदी, भीलवाड़ा में 54.67 फीसदी और राजसमंद में 52.17 फीसदी वोटिंग हुई।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: शाम 5 बजे तक 59 फीसदी से ज्यादा वोटिंग (5.40PM)

चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, राजस्थान में शाम 5 बजे तक 59.19 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। अब प्रदेश की 13 लोकसभा सीटों पर आखिरी घंटे की वोटिंग जारी है। इस चरण में पहले चरण के मुकाबले अच्छी वोटिंग हुई है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की खबरें आईं। वहीं छिटपुट हाथापाई की खबरें भी सामने आई हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: अजमेर में 3 बजे तक 43.28 फीसदी मतदान (5.20 PM)

अजमेर संसदीय क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 43.28 फीसीद मतदान हुआ है। इसमें दूदू में 40.1 फीसदी, किशनगढ़ में 43.25 फीसदी, पुष्कर में 44.05 फीसदी, अजमेर उत्तर में 48.29 फीसदी, अजमेर दक्षिण में 46.92 फीसदी, नसीराबाद में 42.13 फीसदी, मसूदा में 42.01 फीसदी, केकड़ी में 41.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: दोपहर 3 बजे तक के आंकड़े (5.00PM) 

राजस्थान में दोपहर 3 बजे तक अजमेर में 43.28 फीसदी, उदयपुर में 51.60 फीसदी, कोटा में 54.78 फीसदी, चित्तौड़गढ़ में 51.71 फीसदी, जालौर में 49.85 फीसदी, जोधपुर में 50.00 फीसदी, झालावाड़-बारां में 56.12 फीसदी, टोंक-सवाई माधोपुर में 42.61 फीसदी, पाली में 44.27 फीसदी, बांसवाड़ा में 60.01 फीसदी, बाड़मेर में 59.71 फीसदी, भीलवाड़ा में 45.39 फीसदी, राजसमंद में 43.94 फीसदी वोट डाले जा चुके हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: चित्तौड़गढ़ में शादी से पहले दूल्हे ने किया मतदान (4.40PM)

चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा में दूल्हा राधे सुथार ने अपनी बारात जाने से पहले वोट डाला। मतदान के बाद सुथार ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार का प्रयोग करना महत्वपूर्ण है। इसलिए विवाह समारोह से पहले समय निकालकर वोट डाला है।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: पाली में 3 बजे तक 44.27 फीसदी वोटिंग (4.20PM)

पाली लोकसभा संसदीय क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 44.27 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें सोजत में 46.25 फीसदी, पाली में 46.02 फीसदी, मारवाड़ जंक्शन में 42.05 फीसदी, बाली में 42.54 फीसदी, सुमेरपुर में 42.98 फीसदी, ओसियां में 42.66 फीसदी, भोपालगढ़ में 45.08 फीसदी, बिलाड़ा में 46.24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: राजस्थान में दोपहर 3 बजे तक 50.27 फीसदी मतदान (3.50 PM) 

राजस्थान में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान जारी है। दूसरे चरण में पहले चरण के मुकाबले ज्यादा वोटिंग हो रही है। दोपहर 3 बजे तक राजस्थान में 50.27 फीसदी वोटिंग हुई। बांसवाड़ा में सबसे अधिक तो टोंक में वोटिंग की रफ्तार काफी सुस्त नजर आ रही है। बांसवाड़ा में सबसे ज्यादा 60.01 फीसदी और टोंक सवाई माधोपुर में सबसे कम 42.61 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: 108 साल की महिला ने किया मतदान (3.30PM)

राजस्थान में दूसरे चरण में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के गुंजारा मतदान केंद्र पर 108 साल की भूरी बाई ने मतदान किया। उनके परिवार के लोग भूरी बाई को व्हीलचेयर में लेकर गए थे।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: जैसलमेर विधानसभा में दोपहर 1 बजे तक हुआ 52.15 फीसदी (03.05PM)

जैसलमेर विधानसभा में दोपहर 1 बजे तक 52.15 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। ये बाड़मेर जैसलमेर सीट का हिस्सा है। वहीं पोकरण विधानसभा क्षेत्र में 43.62 फीसदी मतदान हुआ। पोकरण विधानसभा जोधपुर लोकसभा सीट का हिस्सा है।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: दूसरे चरण में मतदान ज्यादा (2.45PM)

राजस्थान में दूसरे चरण में वोटिंग हो रही है। राज्य में पहचे चरण के मुकाबले दूसरे चरण में ज्यादा वोटिंग हो रही है। दोपहर 1 बजे तक 40.39 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है। बाड़मेर में सबसे अधिक 47.48 फीसदी हुआ। सबसे कम वोटिंग टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट (34.64%) पर हुई।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: दोपहर 1 बजे तक किस सीट पर कितनी हुई वोटिंग (2.25 PM) 

राजस्थान में दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक अजमेर में 35.77 फीसदी, उदयपुर में 41.32 फीसदी, कोटा में 42.51 फीसदी, चित्तौड़गढ़ में 40.50 फीसदी, जालौर में 41.47 फीसदी, जोधपुर में 39.90 फीसदी, झालावाड़-बारां में 44.20 फीसदी, टोंक-सवाई माधोपुर में 34.64 फीसदी, पाली में 36.59 फीसदी, बांसवाड़ा में 46.53 फीसदी, बाड़मेर में 47.48 फीसदी, भीलवाड़ा में 37.01 फीसदी, राजसमंद में 36.88 फीसदी वोट डाले गए।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: राजस्थान में आंधी-बारिश (2.10PM)

राजस्थान की कोटा-बूंदी लोकसभा सीट पर मतदान के लिए बूथों पर लंबी लाइन लगी है। इस बीच बारिश और आंधी आने से शहर के शिवपुरा सरकारी स्कूल के पास बूथ पर लगे टेंट उड़ गए और पानी भर गया। एक अन्य पोलिंग बूथ पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत की गई। कोटा-बूंदी सीट पर 11 बजे तक 28.30 फीसदी मतदान हुआ है।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: दोपहर 1 बजे तक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान (1.40 PM)

राजस्थान में दोपहर 1 बजे तक 40.39 फीसदी मतदान हुआ है। बाड़मेर में बंपर वोटिंग हुई है। यहां सबसे ज्यादा 47.48 फीसदी वोटिंग हुई है। जबकि टोंक सवाईमाधोपुर में सबसे कम 34.64 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।

 

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: ढोल नगाड़ों के साथ किया मतदान (01.10 PM)

टोंक जिले के पीपलू में मतदाताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला और मतदान स्थल पर मतदान करने गए। मतदान केंद्र 54 पर वोटिंग की। पीपलू में मतदान के लिए निकला जुलूस आकर्षण का केंद्र रहा। हर कोई यह पूछता नजर आया कि आज कहां जा रहे हैं ?

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: कोटा में EVM में खराबी (12.55 PM)

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोटा के एक मतदान केंद्र में EVM में गड़बड़ी की खबर मिली है। जांच में पता चला कि बटन प्रेस कंडीशन में रह गया था। बटन रिलीज नहीं होने की वजह से जिला प्रशासन ने तत्काल बैलेट यूनिट को बदल दिया है।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: 11 बजे तक किस सीट पर कितनी हुई वोटिंग (12.35 PM)

सुबह 11 बजे तक राजस्थान के अजमेर में 24.43 फीसदी, उदयपुर में 27.46 फीसदी, कोटा में 28.30 फीसदी, चित्तौड़गढ़ में 26.48 फीसदी, जालौर में 28.50 फीसदी, जोधपुर में 25.75 फीसदी, झालावाड़-बारां में 28.88 फीसदी, टोंक-सवाई माधोपुर में 24.00 फीसदी, पाली में 24.62 फीसदी, बांसवाड़ा में 30.04 फीसदी, बाड़मेर में 29.58 फीसदी, भीलवाड़ा में 25.15 फीसदी, राजसमंद में 25.58 फीसदी मतदान हुआ।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: राजस्थान में सुबह 11 बजे तक मतदान की स्थिति (12.10 PM) 

राजस्थान की 13 लोकसभा सीटों पर पहले चार घंटे में यानी सुबह 11 बजे तक 26.84 फीसदी मतदान हुआ। इस दौरान बांसवाड़ा सीट पर सबसे ज्यादा 30.04 फीसदी और टोंक—सवाई माधोपुर सीट पर सबसे कम 24 फीसदी मतदान हुआ। आज राज्य के बाड़मेर, जोधपुर, जालौर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, उदयपुर, राजसमंद, और झालावाड़-बारां लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: राजस्थान में 11 बजे तक 26.84% मतदान (11.40AM)

राजस्थान में सुबह 11 बजे 26.84 फीसदी मतदान हुआ है। भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीय और बीएपी प्रत्याशी राजकुमारी रोत वाली बांसवाड़ा लोकसभा सीट पर सर्वाधिक 30.04 मतदान हुआ है। जबकि टोंक सवाई माधोपुर में सबसे कम 24 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: पाली जिले के धुरासनी गांव में चुनाव का बहिष्कार (11.20 AM)

राजस्थान के पाली जिले के धुरासनी गांव में ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया। ऐसे में सुबह 7 बजे से शुरू ही वोटिंग करीब 3 घंटे किसी ने वोट नहीं डाला। जब प्रशासन के बड़े अधिकारियों को इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने ग्रामीणों को समझाया और मतदान शुरू कराया है। दरअसल, लंबे समय से ग्रामीण सड़क, पेयजल और विकास की मांग कर रहे थे। इसके चलते उन्होंने मतदान का बहिष्कार करने का फैसला लिया था।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: वैभव गहलोत ने पत्नी संग किया मतदान (11.00AM)

जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत और उनकी पत्नी हिमांशी गहलोत ने जोधपुर में मतदान किया। वहीं राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने भी जोधपुर में मतदान किया। बता दें कि अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: वो सिर्फ झूठ फैला रहे हैं – ओम बिड़ला (10.40 AM)

कोटा से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि यह संविधान बचाने की लड़ाई नहीं है। संविधान अच्छे हाथों में है। वे सिर्फ झूठ फैला रहे हैं। सामाजिक ढांचा और सामाजिक आरक्षण बरकरार रहेगा। एयरपोर्ट जरूर बनेगा, राज्य सरकार ने नौ महीने तक बकाया नहीं दिया लेकिन भजनलाल शर्मा के सीएम बनते ही राजस्थान सरकार ने 20 दिन के भीतर पैसा जमा करा दिया।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने किया मतदान (10.20 AM)

केंद्रीय मंत्री और बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार कैलाश चौधरी ने बाड़मेर के एक बूथ पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले मतदान फिर जलपान के तहत मैंने मतदान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर मतदाता वोटिंग करने पहुंच रहे हैं।

Rajasthan Lok Sabha Election 2024 Live: रवींद्र सिंह भाटी ने किया मतदान (10.05 AM)

राजस्थान की बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी ने मतदान किया। इस दौरान उनसे पूछा गया कि अब तक यहां नेता आते हैं, विकास की बातें करते हैं, लेकिन विकास हो नहीं पाता। क्या इस बार भी ऐसा ही होगा। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि इस बार नेता नहीं बेटा आया है और निश्चित रूप से जो जनता के हित में होगा वो विकास होगा।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Live: राजस्थान- 11.77% मतदान (9.50 AM)

राजस्थान में दूसरे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग जारी है। इस बीच सुबह 9 बजे तक राजस्थान- 11.77 फीसदी मतदान हुआ है। पिछली बार पहले चरण में राजस्थान में धीमा मतदान हुआ था। पहले चरण के मुकाबले ये अधिक है। कोटा में सबसे ज्यादा 13.32 और जोधपुर में सबसे कम 10.45 फीसदी मतदान हुआ है।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting Live: दूसरे चरण में राजस्थान की हॉट सीट (09.30 AM)

राजस्थान में दूसरे चरण में 13 सीटों पर लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। इन सीटों में 6 'हॉट सीट' मानी जा रही हैं। इनमें बाड़मेर-जैसलमेर, जालोर-सिरोही, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, कोटा के साथ झालावांड़-बारां शामिल है। दूसरे चरण में कुल 28,758 बूछ बनाए गए हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting Live: 82000 सुरक्षा कर्मी तैनात (9.15 AM)

राजस्थान में दूसरे चरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन क्षेत्रों में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 82,487 सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें राजस्थान पुलिस के साथ-साथ, होमगार्ड, फॉरेस्ट गार्ड और आरएसी जवान शामिल हैं। केंद्रीय पुलिस बलों की 175 कंपनियां भी मतदान के दौरान कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा में सहयोग कर रही हैं।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting Live: कैलाश चौधरी ने भी डाला वोट (9.00 AM)

केंद्रीय मंत्री और बाड़मेर से भाजपा उम्मीदवार कैलाश चौधरी ने सुबह अपना वोट डाला। यहां उनका मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र सिंह भाटी और कांग्रेस उम्मीदवार उम्मेदा राम बेनीवाल से है।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting Live: वसुधरा राजे ने किया मतदान (8.45 AM) 

राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने झालावाड़ लोकसभा सीट के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता विकास चाहती है। इसलिए यहां से भाजपा की ऐतिहासिक जीत होगी।

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting live: वोटर्स के लिए EC की स्पेशल व्यवस्था (8.21 AM)

चुनाव आयोग ने बताया कि चुनावी राज्यों में भीषण गर्मी और अधिकांश हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने के मद्देनजर मतदान केंद्रों पर तंबू और पीने के पानी जैसी व्यवस्था की गई है। चुनाव आयोग लगातार लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील कर रहा है।

(Fri, 26 Apr 2024 07:52 AM)

Rajasthan Lok Sabha Chunav Voting live: राजस्थान में दूसरे चरण की वोटिंग जारी, वसुंधरा राजे ने डाला वोट

राजस्थान में दूसरे चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। राज्य की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने झालावाड़ स्थित एक मतदान केंद्र पर वोट किया। राजस्थान में दूसरे चरण में टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर-जैसलमेर, जालोर-सिरोही, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की 13 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा हैं।

(Fri, 26 Apr 2024 07:48 AM)

इन 13 सीटों में एक ऐसी सीट है, जिस पर त्रिकोणीय मुकाबला है। यह बाड़मेर-जैसलमेर सीट है। इस पर बीजेपी कांग्रेस को निर्दलीय उम्मीदवार टक्कर दे रहे हैं। जालोर-सिरोही और झालावाड़-बारां में दो पूर्व सीएम अशोक गहलोत और वसुंधरा राजे अपने बेटों के लिए चुनावी मैदान में जुटे हुए हैं। झालावाड़-बारां लोकसभा सीट से वसुंधरा राजे के बेटे और मौजूदा सांसद दुष्यंत सिंह बीजेपी से उम्मीदवार है, जहां उनका सामना कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला जैन भाया से है। दूसरी तरफ, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत जो जालोर-सिरोही लोकसभा सीट पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से मैदान में खड़े हैं जहां उनका मुकाबला बीजेपी उम्मीदवार लुंबा राम चौधरी से है।

उदयपुर लोकसभा सीट में दो ब्यूरोक्रेट्स के बीच मुकाबला है। भाजपा के प्रत्याशी मन्नालाल रावत उदयपुर में पूर्व परिवहन उपायुक्त रह चुके हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ताराचंद मीना उदयपुर में कलेक्टर रह चुके हैं और यहीं से रिटायर हुए हैं। तीसरा वजूद यहां बीएपी (भारतीय आदिवासी पार्टी) का है, जिसके सिंबल पर प्रकाशचंद्र बुझ भी मैदान में हैं। बीएपी कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगा सकती है, जिसका फायदा बीजेपी को होगा।

दूसरे चरण में 152 प्रत्याशी मैदान में उतरे

राजस्थान के इन 13 लोकसभा सीटों पर 152 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनकी किस्मत का फैसला आज शाम को EVM में कैद हो जाएगा। सबसे ज्यादा उम्मीदवार चित्तौड़गढ़ सीट पर हैं। जिस कारण इस सीट पर बने हर पोलिंग बूथ पर दो-दो ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी। दूसरी तरफ, झालावाड़-बारां लोकसभा सीट पर सबसे कम उम्मीदवार हैं। यहां 8.66 लाख वोटर पहली बार वोट डाल रहे हैं। इनमें 5,7 लाख पुरुष और 3.58 लाख महिलाएं हैं। इन 13 लोकसभा सीटों में कुल 2,80,78,399 मतदाता रजिस्टर्ड हैं। इसमें 324 थर्ड जेंडर हैं। दूसरे चरण में 28,758 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 4,778 शहरी, 23,327 ग्रामीण समेत 653 सहायक मतदान केंद्र शामिल हैं।

Lok Sabha Chunav 2024 2nd Phase LIVE: राहुल गांधी, हेमा मालिनी समेत 1200 से ज्यादा उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला आज, थोड़ी देर में शुरू होगी वोटिंग

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।