Lok Sabha Election 2024 Phase 2: देश की सबसे बड़ी पंचायत के लिए राजस्थान में दूसरे चरण का मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। लोग अपने घरों से निकल कर मतदान केंद्रों तक मतदान करने पहुंच रहे है। सीमा पर स्थित बाड़मेर में मतदान करने के लिए लोग काफी उत्साहित दिख रहे हैं। रेगिस्तानी इलाके में मतदाता रेगिस्तान के जहाज यानी ऊंट के जरिए अपने मताधिकार के इस्तेमाल करने के लिए आ रहे हैं। दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव में थार के रेगिस्तान में मतदाता ऊंट पर सवार होकर मतदान करने के लिए जा रहे है। वोटर्स का कहना है कि उन्होंने लोकतंत्र के पर्व में हिस्सेदारी निभाते हुए गांव के मतदान केंद्र पर जाकर देश की सीमा पर बसे क्षेत्र की बेहतरी और उम्मीदों के लिए बाड़मेर- जैसलमेर- बालोतरा क्षेत्र के विकास के लिए अपना वोट दिया है।
ट्रेडिशनल ट्रेड में आ रहे मतदाता
गांव से वोट डालने निकले गांव वाले पारंपरिक परिधान में आ रहे हैं। सभी सफ़ेद रंग का धोती कुर्ता और सिर पर पगड़ी पहने नजर आए। गांव वालों का का कहना है कि अंगुली पर लगी स्याही सिर्फ निशान नहीं,हमारी शान है,देश की पहचान है। देवासी सुमदाय के 40 वर्षीय भूराराम ने कहा कि अपने अधिकार के सम्मान के लिए वह मतदान करने जा रहे है। मतदान करने जा रहे 35 वर्षीय खेताराम का कहना है कि सभी कामों को छोड़कर सबसे पहले मतदान करें,यह हमारा नैतिक कर्तव्य है। इसलिए हमारे हमदम के साथी ऊंट पर सवार होकर मतदान देने के लिए रवाना हुए है।
Lok Sabha Election 2024: सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव
इस बार लोकसभा चुनाव सात चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को हो गया और अब आज 26 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान है। आखिरी चरण का मतदान 1 जून को होगा। मतों की गणना 4 जून 2024 को होगी। पिछली बार यानी 2019 के लोकसभा चुनाव में भी सात चरणों में चुनाव हुए थे और यह 11 अप्रैल से 19 मई के बीच हुआ था। मतों की गणना 23 मई 2019 को हुई थी। 2014 के लोकसभा चुनाव 7 अप्रैल से 12 मई के बीच 9 चरणों में हुए थे और नतीजे 16 मई 2014 को आए थे।