बीजेपी नेता नितिन गडकरी ने आगामी लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 370 सीटों के लक्ष्य पर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि अगले लोकसभा चुनाव में उसकी मौजूदा 288 सीटों में अतिरिक्त सीटें दक्षिण भारत में बढ़त से मिलेगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर स्थित अपने घर पर दिए इंटरव्यू में कहा कि पीएम मोदी इस बार भी प्रधानमंत्री पद संभालेंगे, क्योंकि उनकी सरकार ने पिछले 10 सालों में कई ठोस काम किए हैं। उन्होंने कहा कि उनके मन में इस बात को लेकर कोई संदेह नहीं है कि बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन 400 सीटें पार करेगा।
विपक्ष ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि मोदी सरकार एंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों को 'हथियार' दे रही है। इन आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के प्रतिद्वंद्वियों को लोगों का विश्वास जीतकर प्रतिकूल परिस्थितियों से उबरने का कोशिश करनी चाहिए। नितिन गडकरी इस लोकसभा चुनाव में नागपुर से तीसरी बार लोकसभा का कार्यकाल चाहते हैं।
यह पूछे जाने पर कि 370 सीटें हासिल करने को लेकर बीजेपी का क्या गणित है, गडकरी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में उनकी पार्टी ने पिछले 10 साल में दक्षिण और पूर्वोत्तर में काफी काम किया है, जिसका रिजल्ट दिखना शुरू हो गया है। इसके साथ ही बीजेपी अपने कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत के कारण पिछले कुछ वर्षों में मजबूत बनकर उभरी है। गडकरी ने पार्टी के काम की चर्चा करते हुए कहा कि हमने तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में कड़ी मेहनत की है। पिछले सालों में पार्टी ने उत्तर भारत में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि दक्षिण में बीजेपी की उपस्थिति कम रही है, लेकिन इस बार दक्षिण में हमारा अच्छा प्रदर्शन होगा जिससे मुझे लगता है कि बीजेपी को अकेले 370 सीटें मिलेंगी और एनडीए 400 को पार कर जाएगा।
गडकरी का कहना था कि उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलेगा और वह 400 का आंकड़ा भी पार कर लेगी। देश के विकास पर बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश के लोग विकास देखना चाहते हैं और उन्हें मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है और यह भरोसा चुनाव में साफ दिखेगा। जीत की बात करते हुए उन्होंने पीएम के कार्यकाल की भी चर्चा की और कहा कि देश पर पिछले 10 साल से मोदी का राज है। जनता मौका सबको देती है, बस लोगों को धैर्य रखना होगा और कड़ी मेहनत करनी होगी।