Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने रविवार (29 मार्च) को 23 अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया। इसमें महिलाओं को घरेलू इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने या बदलने के लिए 8,000 रुपये की 'इल्लैरसी' कूपन योजना शुरू करने की घोषणा की गई है।
महिलाओं की भलाई के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए DMK ने महीने की फाइनेंशियल मदद को 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का वादा किया है। मैनिफेस्टो में किसानों को मुफ्त पंपसेट देने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसका मकसद खेती की प्रोडक्टिविटी और गांवों को सपोर्ट देना है।
स्टूडेंट्स को फ्री लैपटॉप
शिक्षा और युवाओं पर फोकस करने वाले उपायों को खास तौर पर शामिल किया गया। स्टालिन ने घोषणा की कि हायर एजुकेशन कर रहे लगभग 35 लाख स्टूडेंट्स को फ्री लैपटॉप दिए जाएंगे। जबकि 'पुधुमाई पेन' और 'तमिल पुधलवन' स्कीम के तहत हर स्टूडेंट को 1,500 रुपये की फाइनेंशियल मदद दी जाएगी।
स्टालिन ने DMK के सत्ता में लौटने पर शिक्षा, उद्योग और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का वादा किया है। उन्होंने DMK के चुनावी वादों को 'सुपरस्टार' करार दिया।
DMK अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के लिए जारी किए गए कूपन का इस्तेमाल टीवी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सर, माइक्रोवेव ओवन, इंडक्शन स्टोव जैसे घरेलू उपकरण खरीदने या उन्हें बदलने के लिए किया जा सकता है। स्टालिन ने कहा, "यह नई 'इल्लैरसी' योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत, उन परिवारों की महिलाओं को, जो आयकर के दायरे में नहीं आती हैं, उनके निवास स्थान के आस-पास की दुकानों से इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने के लिए 8,000 रुपये का एकमुश्त कूपन प्रदान किया जाएगा।’"
तमिल में 'इल्लैरसी' का शाब्दिक अर्थ 'घर की रानी' होता है। सीएम ने भरोसा जताया कि 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव में पार्टी की अगुवाई वाला गठबंधन 234 में से 200 से अधिक सीट पर जीत दर्ज करेगा।
सत्तारूढ़ DMK ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज की सीमा को 10 लाख रुपये करना (वार्षिक आय सीमा में वृद्धि के साथ), 50 वर्ष से अधिक आयु की बुजुर्गों, विधवाओं और अविवाहित महिलाओं के लिए पेंशन को बढ़ाकर 2,000 रुपये प्रति माह करने, कलैनार मगलीर उरुमई थोगई योजना के तहत मासिक अनुदान को दोगुना करके 2,000 रुपये करना और इस योजना के तहत नई पात्र महिलाओं को शामिल करने का वादा किया है।
DMK ने मुख्यमंत्री नाश्ता योजना का विस्तार आठवीं कक्षा तक के छात्रों तक करने और मुफ्त बिजली प्राप्त करने वाले 20 लाख से अधिक किसानों को बिना मीटर के आधुनिक इलेक्ट्रिक पंप सेट निशुल्क उपलब्ध कराने सहित कई घोषणाएं की हैं।
अन्नाद्रमुक के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी ने रविवार को DMK के चुनावी वादे पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को 8,000 रुपये का कूपन देने का मकसद 'कमीशन' प्राप्त करना है।
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन द्वारा 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करने पर प्रतिक्रिया देते हुए पलानीस्वामी ने दावा किया कि लोगों को एक बार फिर बेवकूफ बनाया जाएगा।