Uttarakhand Lok Sabha Elections 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार (11 अप्रैल) को देवभूमि उत्तराखंड के ऋषिकेश में विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस (Congress) पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। उन्होंने कहा कि 7 दशक बाद जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 निरस्त किया गया। तीन तलाक के खिलाफ काननू बना। महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 33% आरक्षण मिला। साथ ही सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10% आरक्षण मिला।
पीएम मोदी ने कहा कि कल (10 अप्रैल) मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां पर भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। आज (11 अप्रैल) हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है- फिर एक बार मोदी सरकार।
'अस्थिर सरकारों में दुश्मनों ने फायदा उठाया'
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने बीते 10 वर्ष में भारत को पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है। जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे। उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं था। उन्होंने कहा कि ये बीजेपी है, जिसने भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में आगे कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार सीमाओं पर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि आज देखिए, सीमा पर आधुनिक सड़कें बन रही हैं, आधुनिक सुरंगें बन रही हैं।
PM ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के लिए तो पहले दिल्ली का शाही परिवार और फिर अपना परिवार ही सब कुछ है। लेकिन मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।
पीएम मोदी ने कहा कि यह दशक उत्तराखंड का दशक है...हमारी सरकार उत्तराखंड के सामर्थ्य का लगातार विस्तार करने में जुटी है और इसमें बहुत बड़ी भूमिका पर्यटन की है...ऋषिकेश आसपास के कई राज्यों के लिए और वहां के लोगों के लिए पर्यटन का सबसे महत्वपूर्ण केंद्र है।
'कांग्रेस विकास और विरासत दोनों की विरोधी'
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस विकास और विरासत दोनों की विरोधी है। कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए, राम मंदिर का विरोध किया, जितने अड़ंगे डालने थे डाले। इसके बाद भी राम मंदिर निर्माण वालों ने कांग्रेस के सभी गुनाहों को माफ कर दिया और उन्हें प्राण-प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया। लेकिन कांग्रेस ने उसका भी बहिष्कार कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तो कांग्रेस ने प्रण लिया है, हिंदू धर्म में जो शक्ति है, उसका विनाश करेंगे। उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की जो साजिशें चल रही हैं, उसमें कांग्रेस की ये बातें आग में घी का काम करेंगी। उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना, हम सभी का दायित्व है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शक्ति को खत्म करना चाहती है।