जौनपुर लोकसभा क्षेत्र में इस बार बड़े-बड़े खेल हुए। खिलाड़ी मैदान में आए और चले गए। बहुजन समाज पार्टी ने पहले ही इलाके से बाहुबली धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला को टिकट दिया था। उनका प्रचार अभियान भी शुरू हो गया था। अकस्मात नामांकन के एक दिन पहले BSP सुप्रीमो मायावती के यहां से फोन आया और धनंजय सिंह की पत्नी का टिकट काट दिया गया। बसपा ने उनकी जगह वर्तमान सांसद श्याम सिंह यादव को टिकट दे दिया। श्याम सिंह यादव पिछली बार बसपा के टिकट पर चुनाव जीते थे। इसके बाद वो कभी कांग्रेस के खेमे में दिखते थे और कभी समाजवादी पार्टी के। प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के पद से रिटायर हुए श्याम सिंह यादव अब हाथी पर सवार होकर एक बार फिर मैदान में हैं।