UP Loksabha Election: 'मैं पलटा नहीं हूं, पटखनी दी है' अखिलेश के 'चवन्नी' वाले तंज पर जयंत चौधरी का पलटवार

UP Loksabha Election: जयंत चौधरी ने BJP के साथ जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था, ''मैं क्या चवन्नी हूं, जो पलट जाऊंगा।'' NDA में जाने के बाद जयंत चौधरी के बयान का वीडियो भी वायरल हुआ था। जयंत ने RLD कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में 'बड़ा दिल' दिखाने का आह्वान करते हुए मुजफ्फरनगर से भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान को जिताने की अपील की

अपडेटेड Apr 03, 2024 पर 11:25 PM
Loksabha Election 2024: जयंत चौधरी ने अखिलेश यादव के 'चवन्नी' वाले बयान पर पलटवार किया

UP Loksabha Election 2024: राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के प्रमुख जयंत चौधरी (Jayant Chaudhary) ने समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के 'चवन्नी' वाले बयान पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि वह पलटे नहीं हैं, बल्कि उन्होंने पटखनी दी है। जयंत ने यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) और RLD की संयुक्त चुनावी रैली में सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधा।

जयंत चौधरी ने कहा, "कल—परसों की बात है, उत्तर प्रदेश के जो मुख्यमंत्री रहे हैं, उनका भी एक बयान मैंने देखा। अब तक मैं उनके लिए कुछ बोला नहीं हूं। वह भले ही गाली—गलौज करना चाहें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मैं एक बात बता देना चाहता हूं, मुजफ्फरनगर के लोगों से मेरी खास अपील है कि हम लोगों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इन्हें (अखिलेश को) बता दें। ऐसा वोट दें कि वे जान जाएं कि मैं पलटा नहीं हूं। इसे पलटना नहीं कहते, इसे पटखनी मारना कहते हैं।''

उन्होंने कहा, "मल्ल विद्या वह (अखिलेश) थोड़ी-बहुत जानते हैं। थोड़ी-बहुत मैं भी जानता हूं।"


अखिलेश ने कसा जयंत पर तंज

पिछले रविवार को दिल्ली में विपक्ष के ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) की महारैली में शामिल हुए अखिलेश ने पत्रकारों से बातचीत में मेरठ में जयंत चौधरी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा करने से जुड़े एक सवाल के एक जवाब में जयंत चौधरी पर तंज किया था। उन्होंने कहा था, "हो सकता है कि प्रधानमंत्री जी ने पूछा हो कि यह चवन्नी कौन है।"

माना जा रहा है कि अखिलेश ने जयंत के एक पुराने बयान को लेकर यह टिप्पणी की थी। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा बनने से पहले राष्ट्रीय लोकदल का समाजवादी पार्टी से गठबंधन था। तब जयंत चौधरी ने BJP के साथ जाने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा था, ''मैं क्या चवन्नी हूं, जो पलट जाऊंगा।''

NDA में जाने के बाद जयंत चौधरी के बयान का वीडियो भी वायरल हुआ था।

मुजफ्फरनगर से 'बड़ा दिल' दिखाने की अपील

सपा के राज्यसभा सदस्य जयंत चौधरी ने आरोप लगाया कि उनके दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को 'भारत रत्न' दिए जाने का वे दल ‘अंदर ही अंदर’ विरोध कर रहे हैं, जो पहले कभी राजनीतिक रूप से RLD के साथ थे।

जयंत ने RLD कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव में 'बड़ा दिल' दिखाने का आह्वान करते हुए मुजफ्फरनगर से भाजपा प्रत्याशी संजीव बालियान को जिताने की अपील की। उन्होंने कवि दुष्यंत कुमार की एक कविता की पंक्तियां पढ़ते हुए कहा, ''सच है कि पांवों ने बहुत कष्ट उठाए, पर पांव किसी तरह राह पर तो आए।''

उन्होंने कहा, "तो अब लोक दल के कार्यकर्ताओं को बड़ा दिल दिखाना होगा। अगर आप मुझे मजबूती देना चाहते हैं, अगर आप चौधरी चरण सिंह के विचारों को आगे ले जाना चाहते हैं और अगर आप चौधरी अजीत सिंह के चौधरी के कार्यों को पूरा करना चाहते हैं तो संजीव बालियान को बहुमत के साथ चुनाव जिताइए।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।