UP Loksabha Election: सपा ने जारी की सात उम्मीदवारों की एक और लिस्ट, श्रावस्ती से मौजूदा BSP सांसद को दिया टिकट

UP Loksabha Election 2024: सपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने मायावती के करीबी रहे बाबू सिंह कुशवाहा को जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी, 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा का हिस्सा थी। हालांकि, उनकी पार्टी को कोई सीट हासिल नहीं हुई थी

अपडेटेड Apr 14, 2024 पर 5:06 PM
UP Loksabha Election: सपा ने जारी की उम्मीदवारों की एक और लिस्ट

UP Loksabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (SP) ने उत्तर प्रदेश की सात लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी के प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी। सपा के प्रवक्ता राजपाल कश्यप ने कहा कि पार्टी ने दो बार के लोकसभा सदस्य भीष्म शंकर ‘कुशल’ तिवारी को डुमरियागंज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

तिवारी बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर 2007 से 2009 तक खलीलाबाद से और 2009 से 2014 तक संत कबीर नगर से सांसद रहे हालांकि दिसंबर, 2021 में वह सपा में शामिल हुए थे।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने मायावती के करीबी रहे बाबू सिंह कुशवाहा को जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी, 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा का हिस्सा थी। हालांकि, उनकी पार्टी को कोई सीट हासिल नहीं हुई थी।


सपा प्रवक्ता के मुताबिक, श्रावस्ती से मौजूदा BSP सांसद राम शिरोमणि वर्मा इस बार सपा की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहीं सपा के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद को संत कबीर नगर से प्रत्याशी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि सलेमपुर निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व बसपा लोकसभा सदस्य रमाशंकर राजभर सपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

राजभर ने 2009 से 2014 तक सलेमपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं सपा ने अमरनाथ मौर्य को फूलपुर लोकसभा सीट से और प्रिया सरोज को मछलीशहर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है।

इससे पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) और विपक्षी गठबंधन 'I.N.D.I.A.' के उम्मीदवारों को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र को बचाने और 'तानाशाह सरकार' को खत्म करने का है।

आप की राज्य इकाई के प्रभारी और राज्‍यसभा सदस्‍य संजय सिंह ने सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की मौजूदगी में शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में यह घोषणा की।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।