UP Loksabha Election Third Phase: लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार 7 मई को उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में सभी की निगाहें समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के परिवार के सदस्यों पर हैं। डिंपल यादव का लक्ष्य मैनपुरी लोकसभा सीट को अपने पास बनाए रखना होगा। इस सीट को उन्होंने अपने ससुर मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था। वहीं दूसरी ओर सपा के राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव अपनी फिरोजाबाद सीट को दोबारा जीतने की कोशिश करेंगे। अक्षय यादव ने 2014 में यहां से जीत हासिल की थी। हालांकि 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव में वह हार गए थे।
इनके अलावा बदायूं लोकसभा सीट से सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के बेटे, आदित्य यादव चुनावी राजनीति में कदम रख रहे हैं। इस सीट से उनके चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव 2014 में सांसद थे, लेकिन वह 2014 में चुनाव हार गए थे।
यादव परिवार के सदस्यों के अलावा, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान बाल्मीकि की साख भी तीसरे चरण के मतदान में दांव पर होगी। बघेल, जयवीर सिंह और बाल्मीकि क्रमशः आगरा (SC), मैनपुरी और हाथरस (SC) लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा लोकसभा सीट से लगातार तीसरा चुनाव जीतकर हैट्रिक लगाने की कोशिश करेंगे। साल 2009 में जन क्रांति पार्टी के उम्मीदवार रूप में कल्याण सिंह भी इस सीट से सांसद रह चुके हैं।
बरेली लोकसभा सीट पर बसपा प्रत्याशी मास्टर छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र खारिज होने के बाद अब मुख्य मुकाबला बीजेपी के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह एरन के बीच सिमट गया है।
तीसरे चरण में, बीजेपी ने अपने 4 सीटों पर अपने मौजूदा सासंदों का टिकट काटकर नए चेहरों पर दांव दिया है। इनमें बरेली से संतोष गंगवार की जगह छत्रपाल गंगवार, बदांयू से संघमित्रा मौर्य की जगह र्विजय सिंह शाक्य, हाथरस से राजवीर सिंह दिलेर की अनूप प्रधान बाल्मीकि और फिरोजाबाद से विश्वदीप सिंह की जगह चंद्रसेन जादौन पर शामिल हैं। वहीं मैनपुरी में पिछली बार बीजेपी को जीत नहीं मिली थी और यहां उसने अपने पिछले बार के उम्मीदवार को बदलकर जयवीर सिंह को टिकट दिया है।
भगवा पार्टी ने एटा, आगरा (एससी), आंवला और फतेहपुर सीकरी से अपने मौजूदा सांसदों को बरकरार रखा है। वहीं संभल लोकसभा सीट से इसने परमेश्वर लाल सैनी को टिकट दिया है।
तीसरे चरण में इंडिया गठबंधन की ओर से 10 में से 9 सीटों पर सपा ने एक सीट पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारा है। कांग्रेस ने फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिंह सिकरवार को टिकट दिया है। तीसरे चरण में संभल, हाथरस (एससी), आगरा (एससी), फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदांयू, आंवला और बरेली लोकसभा सीट पर मतदान होंगे। इस चरण में 1.88 करोड़ से अधिक मतदाता 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।