1 अक्टूबर को खत्म हुए हफ्ते में बाजार की 5 हफ्तों की तेजी को लगाम लग गया। घरेलू बाजार में किसी नए ट्रिगर के अभाव में दलाल स्ट्रीट पर मंदडियों का दबदबा कायम होता दिखा। तेल की कीमतों में बढ़त, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़त और चीन की इकोनॉमी से बढ़ती चिंता जैसे ग्लोबल संकेतों ने बाजार के सेंटीमेंट पर बुरा असर डाला। लेकिन कोर सेक्टर के मजबूत आंकड़ों और सितंबर के मजबूत मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई ने बाजार को बहुत ज्यादा गिरने से रोका।
पिछले हफ्ते बैंकिंग और फाइनेंशियल, FMCG,कैपिटल गुड्स और टेक्नोलॉजी स्टॉक्स ने बाजार पर दबाव बनाया। लेकिन ऑयल एंड गैस, पॉवर, मेटल और ऑटो शेयरों ने बाजार को सपोर्ट दिया।
बाजार दिग्गजों का कहना है कि आने वाले हफ्ते में बाजार में कंसोलिडेशन जारी रहने की संभावना है। बाजार की नजर इकोनॉमी पर RBI की कमेंट्री और तेल की कीमतों, US बॉन्ड यील्ड, यूएस रोजगार आंकड़ों जैसे ग्लोबल फैक्टरों पर रहेगी। सैम्को सिक्योरिटी का कहना है कि ये हफ्ता काफी एक्शन पैक रहने वाला है। बाजार के दिग्गजों की नजरें RBI मॉनेटरी पॉलिसी पर टिकी रहेंगी। इसके अलावा ओपेक की इसी हफ्ते होने वाली मीटिंग पर भी बाजार की नजर रहेगी। बाजार में भाग लेने वालों को क्रूड की कीमतों में भारी उतार–चढ़ाव के लिए तैयार रहना चाहिए।
कुछ अहम इवेंट जिन पर बाजार की रहेगी नजर
क्रूड ऑयल और ओपेक की मीटिंग
क्रूड ऑयल और ओपेक की मीट पर भी बाजार की जनर बनी रहेगी। यह मीटिंग इस हफ्ते होने वाली है। गौरतलब है कि दुनिया भर में कोविड की चिंताएं घटने और इसके साथ ही औद्योगिक, टूर और ट्रैवेल जैसी गतिविधियां बढ़ने के साथ ही तेल की कीमतें लगभग 3 साल के हाई लेवल पर पहुंच गई हैं। भारत जैसे देश के लिए यह बहुत बड़ी चिंता की बात है। ओपेक की इसी हफ्ते होने वाली मीटिंग में नवंबर महीने के कुल उत्पादन पर फैसला लिया जाएगा। जिस पर बाजार की नजर बनी रहेगी। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति और FII फ्लो पर भी बाजार की नजरें रहेंगी।
इसी हफ्ते सितंबर महीने के मार्किट सर्विसेस PMI और मार्किट कंपोजिट PMI के आंकड़े भी आने वाले हैं। मंगलवार को आने वाले इन आंकड़ों पर बाजार की नजर रहेगी। इसी हफ्ते दूसरी तिमाही के नतीजों का भी आगाज हो जाएगा। शुक्रवार को देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी अपने नतीजे जारी करेगी। हालंकि ये नतीजे शुक्रवार को बाजार बंद होने के बाद आएंग। लेकिन नतीजों के पहले बाजार पर कुछ एक्शन देखने को मिल सकता है।
इस हफ्ते कुछ कॉरपोरेट एक्शन भी देखने को मिलेंगे। जैसे इसी हफ्ते Affle India 10 रुपये फेस वैल्यू के शेयरों को 2 रुपये फेस वैल्यू के शेयरों में विभाजित किया जाएगा। तिरुपति फोर्ज लिमिटेड के भी 10 रुपये के फेस वैल्यू के शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू के शेयरों में विभाजित किए जाएंगे। तिरुपति फोर्ज लिमिटेड 3 शेयर पर 4 शेयर के अनुपात में बोनस शेयर का भी ऐलान कर सकती है।