15 मार्च 2011
जोश 18
प्राकृतिक आपदा की बेरहम मार झेल रहे जापान में तबाही से वैश्विक अर्थव्यवस्था के प्रभावित होने की आशंका आज दुनिया भर के बाजारों पर हावी रही। एशिया और यूरोप के बाजार में तो गिरावट देखने को मिली ही, साथ ही भारतीय बाजारों ने भी आज गोता लगाया। निफ्टी 5450 के अहम स्तर से नीचे बंद हुआ।
भारतीय बाजार आज करीब डेढ़ फीसदी नीचे गिरे। लेकिन विदेशी बाजारों से तुलना करें, तो घरेलू बाजारों की गिरावट का प्रतिशत कुछ कम ही रहा। जापान का निक्केई करीब 10 फीसदी लुढ़क गया।
भारतीय बाजार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी से आधार मिलता दिखा। हालांकि ओएनजीसी, इंफोसिस, विप्रो, भारती एयरटेल, भेल, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एसबीआई, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, सेल के शेयरों में गिरावट से निफ्टी को नुकसान रहा।
बीएसई समूह में रियल्टी, मेटल शेयरों की जमकर पिटाई हुई।
सुनामी के बाद जापान के फिर मंदी की चपेट में आने का खतरा बढ़ने लगा है, जिससे दुनिया भर निवेशकों में निराशा है।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 271 अंक गिरकर 18,167 अंक पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 81 अंक गिरकर 5,449 अंक पर बंद हुआ।
दोपहर 2:11 बजे
जापान में आए विनाशकारी भूकम्प के बाद वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर पैदा हुई अनिश्चितता के कारण यूरोप के बाजारों में भी आज गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयरों में तेजी से निफ्टी की गिरावट कम होती दिख रही है। सन फार्मा, एक्सिस बैंक, सीमेंस के शेयरों में भी बढ़त है।
ओएनजीसी, इंफोसिस, विप्रो, भेल, आईसीआईसीआई बैंक, एनटीपीसी, एसबीआई, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, रिलायंस पावर, सेल, टाटा मोटर्स, टीसीएस, मारुति सुजुकी के शेयरों ने नीचे का रुख किया है।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 149 अंक गिरकर 18,289 अंक पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 45 अंक गिरकर 5,486 अंक पर कारोबार कर रहा है।
दोपहर 12:32 बजे
रिलायंस इंडस्ट्रीज (आरआईएल) के शेयर में तेजी से सेंसेक्स की गिरावट पर कुछ लगाम लगी है। हालांकि इंफोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, एसबीआई, ओएनजीसी, महिन्द्रा एंड महिन्द्रा, भेल के शेयरों में गिरावट से सेंसेक्स पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
बीएसई समूह में रियल्टी वर्ग 2.62 फीसदी, जबकि ऊर्जा वर्ग 1.72 फीसदी कमजोर हुआ है। मिडकैप और स्मॉलकैप वर्ग में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट है।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 210 अंक गिरकर 18,228 अंक पर कारोबार कर रहा है।
सुबह 11:32 बजे
ओएनजीसी, इंफोसिस, एनटीपीसी, विप्रो, एसबीआई, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, भेल, एलएंडटी के शेयरों में गिरावट से पस्त निफ्टी फिसलकर 5450 के स्तर के इर्द-गिर्द बना हुआ है।
हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज, सन फार्मा, बीपीसीएल के शेयरों ने ऊपर का रुख किया है।
भूकम्प के बाद आई तबाही को झेल रहे जापान के निक्केई में करीब 1000 अंकों की गिरावट है। इस तबाही का असर वैश्विक बाजारों पर पड़ने की आशंका से दुनिया भर के बाजार दबाव में दिख रहे हैं।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 253 अंक गिरकर 18,185 अंक पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 76 अंक गिरकर 5,455 अंक पर कारोबार कर रहा है।
सुबह 10:40 बजे
जापान में भूकम्प और सुनामी से हुई तबाही और परमाणु आपदा की स्थिति के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज किए जाने के बाद मंगलवार को देश के शेयर बाजारों में भी बिकवाली का रुख तेज है। एशियाई बाजारों से नकारात्मक संकेत मिल रहे हैं।
रियल्टी और वाहन वर्ग कमजोर हुए हैं।
सेंसेक्स में घाटे की अगुवाई मारुति सुजुकी, टाटा पावर, जयप्रकाश एसोसिएट्स, एमएंडएम, रिलायंस इंफ्रा कर रही हैं।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 311 अंक गिरकर 18,133 अंक पर, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 92 अंक गिरकर 5,439 अंक पर कारोबार कर रहा है।
बाजार खुलने पर
देश के शेयर बाजार मंगलवार को तेज गिरावट के साथ खुले। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 325 अंक और निफ्टी 111 अंक गिरकर खुला।
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 325 अंक गिरकर 18,113 अंक पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी 111 अंक गिरकर 5,420 अंक पर खुला।
शुरुआती कारोबार में बीएसई के रियल्टी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और हेल्थकेयर क्षेत्र के सूचकांक सबसे ज्यादा गिरावट के साथ खुले।
