Aarti Drugs Stock Price: फार्मा कंपनी आरती ड्रग्स लिमिटेड के शेयर में 22 अगस्त को जबरदस्त खरीद देखने को मिली और इंट्राडे में शेयर की कीमत 12 प्रतिशत तक चढ़ी। एक दिन पहले कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया था कि उसके बोर्ड की अगली मीटिंग 26 अगस्त को है। इस मीटिंग में शेयर बायबैक के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इस घोषणा के बाद आरती ड्रग्स के शेयर पर निवेशक टूट पड़े हैं।
शेयर सुबह बीएसई पर हरे निशान में 600 रुपये पर खुला। इसके बाद यह पिछले बंद भाव से 12.6 प्रतिशत तक उछला और 601.20 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का 52 सप्ताह का उच्च स्तर 624 रुपये और अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 640.60 रुपये है।
3 महीने में Aarti Drugs शेयर 8% मजबूत
आरती ड्रग्स का साल 2016 से अब तक यह छठा शेयर बायबैक होगा। 2016 के बाद कंपनी 2018, 2019, 2021 और 2023 में भी शेयर बायबैक कर चुकी है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 55.67 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। पिछले 3 महीनों में शेयर की कीमत करीब 8 प्रतिशत चढ़ी है।
जून तिमाही में मुनाफा घटा
अप्रैल-जून 2024 तिमाही में आरती ड्रग्स का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर कम होकर 555.34 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले यह 661.11 करोड़ रुपये था। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा भी सालाना आधार पर गिरकर 33.27 करोड़ रुपये पर आ गया। जून 2023 तिमाही में मुनाफा 47.97 करोड़ रुपये था।
बीएसई के डेटा के मुताबिक, कंपनी का वित्त वर्ष 2024 में रेवेन्यू 2,266.91 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 141.88 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी का मार्केट कैप 5200 करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।