Awfis Space Solutions Stock Price: कोवर्किंग स्पेस कंपनी Awfis Space Solutions के शेयर में 22 अगस्त को इंट्राडे के दौरान करीब 20 प्रतिशत तक का बंपर उछाल देखा गया। इसके साथ 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। एक दिन पहले कंपनी ने जानकारी दी थी कि उसने बेंगलुरु में विस्तार किया है। Awfis ने शहर में 39000 वर्ग फीट और 27,846 वर्ग फीट बिल्ट अप एरिया के दो नए सेंटर लॉन्च किए हैं। ये सेंटर, प्रीमियम वर्कस्पेस हैं और बेंगलुरु में मंत्री कॉमर्स और विस्टा पिक्सल में हैं। दोनों सेंटर, मॉल्स, एंटरटेनमेंट हब्स और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर के करीब हैं।
Awfis Space Solutions का शेयर 22 अगस्त को बढ़त के साथ 801.95 रुपये पर खुला। इसके बाद यह पिछले बंद भाव से करीब 20 प्रतिशत तक चढ़ा और 945.70 रुपये पर अपर प्राइस बैंड हिट हुआ। लेकिन सर्किट नहीं लगा। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर भी है। कंपनी का मार्केट कैप 6300 करोड़ रुपये पर है।
लिस्टिंग से अब तक शेयर की कीमत डबल
Awfis Space Solutions का आईपीओ इस साल 22 मई को खुला था और 27 मई को बंद हुआ। आईपीओ को ओवरऑल 108 गुना से अधिक बोली मिली थी और शेयर 383 रुपये के भाव पर जारी हुए। इसके बाद 30 मई को शेयर की BSE पर 432.25 रुपये और NSE पर 435 रुपये पर लिस्ट हुआ। लिस्टिंग डे पर बीएसई पर क्लोजिंग प्राइस 419.1 रुपये था। तब से लेकर अब तक यानि 3 महीने के अंदर ही शेयर की कीमत दोगुनी हो चुकी है।
ट्रेंडीलाइन के डेटा के मुताबिक, कंपनी में दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया के पास 33 लाख शेयर हैं, जिनकी होल्डिंग वैल्यू जून 2024 के आखिर तक 283 करोड़ रुपये से ज्यादा थी। एक महीने में शेयर की कीमत 45 प्रतिशत बढ़ी है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 28.56 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।