ABB India अपने शेयरहोल्डर्स को 90 रुपये प्रति शेयर का एक स्पेशल डिविडेंड देने वाली है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 7 अगस्त 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुके होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। कंपनी ने इस डिविडेंड की घोषणा जुलाई महीने में की थी।
स्पेशल डिविडेंड का पेमेंट 29 अगस्त को या उससे पहले कर दिया जाएगा। इससे पहले ABB India ने शेयरहोल्डर्स को 29.59 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी जनवरी-दिसंबर को वित्त वर्ष के तौर पर फॉलो करती है।
ABB इलेक्ट्रिफिकेशन और ऑटोमेशन के क्षेत्र में एक ग्लोबल टेक्नोलॉजी लीडर है। अपनी इंजीनियरिंग और डिजिटलाइजेशन की विशेषज्ञता को जोड़कर ABB, उद्योगों को बेहतर तरीके से और अधिक कुशलता के साथ काम करने में मदद करती है।
ABB India का शेयर एक साल में 50 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा
ABB India का शेयर 6 अगस्त को BSE पर 7722 रुपये पर है। कंपनी का मार्केट कैप 1.63 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 6 महीनों में 33 प्रतिशत और एक साल में 50 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ा है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 7,923.35 रुपये और एडजस्टेड लो 4,640.50 रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।
ABB India का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 3,558.87 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 362.30 करोड़ रुपये रहा। अर्निंग्स प्रति शेयर 17.46 करोड़ रुपये दर्ज की गई। कैलेंडर ईयर 2025 में कंपनी का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 13,202.73 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 1,668.26 करोड़ रुपये और अर्निंग्स प्रति शेयर 78.78 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।