ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने एक्मे सोलर के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। इससे 13 अप्रैल को रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी के शेयरों में तेजी आई। शेयर 5.68 फीसदी चढ़कर 283.90 रुपये पर बंद हुआ। एक समय तो शेयर का भाव 289.15 रुपये पर पहुंच गया था। एचएसबीसी ने इस शेयर के लिए 350 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
तेजी से बढ़ने वाली रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी
एचएसबीसी ने कहा है कि FY26-FY28 के दौरान एक्मे सोलर के EBITDA का कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) 72 फीसदी रह सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ACME Solar Holdings तेजी से बढ़ती रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी है। इसका ऑपरेशन पूरी तरह से इंटिग्रेटेड है, जिसमें इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन शामिल हैं। अभी कंपनी की बिजली उत्पादन क्षमता करीब 3 GW है।
उत्पादन क्षमता 2.7 गुना हो जाने की उम्मीद
अगले दो से तीन साल में कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता बढ़ाकर करीब 2.7 गुना हो जाने की संभावना है। कंपनी के पास अतिरिक्त 1.8 GW का अवॉर्डेड प्रोजेक्ट्स हैं, जिन्हें पावर पर्चेज एग्रीमेंट्स में कनवर्जन का इंतजार है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि कंपनी एक शुद्ध सोलर कंपनी से खुद को ऐसे फर्म और डिस्पैचेएबल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स में बदलने की कोशिश कर रही है, जिसके पास सोलर, विंड और बैटरी स्टोरेज क्षमता होगी।
कंपनी की अर्निंग्स को लेकर तस्वीर साफ
एचएसबीसी ने कहा है कि कंपनी की अर्निंग्स को लेकर तस्वीर साफ है। इसका 84 फीसदी कॉन्ट्रैक्टेड पावर पोर्टफोलियो 25 साल के फिक्स्ड टैरिफ पावर पर्चेज एग्रीमेंट से लिंक्ड है, जिसे केंद्र सरकार की एजेंसियों का सपोर्ट हासिल है। उसने कहा है कि कंपंनी को बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम्स के बढ़ते इस्तेमाल और बढ़ते डिस्पैचेएबल रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स का फायदा मिलेगा। कंपनी का वर्किंग कैपिटल इम्प्रूवमेंट के साथ 23 दिन हो गया है, जो FY24 में 93 दिन था।
इस साल करीब 20 फीसदी चढ़ा है स्टॉक
ब्रोकरेज फर्म ने कहा है कि कंपनी के लिए कुछ रिस्क दिखाई देते हैं। इसमें कंपनी पर कर्ज का ज्यादा बोझ शामिल है। इसका डेट-इक्विटी फाइनेंसिग स्ट्रक्चर 80:20 है। कंपनी के इक्विपमेंट और बॉरोइंग कॉस्ट में इजाफा हो सकता है। प्रोजेक्ट्स शुरू होने में देर हो सकती है और उत्पादन उम्मीद से कम रह सकता है। एक्मे सोलर का शेयर इस साल करीब 20 फीसदी चढ़ा है। खास बात यह है कि 13 अप्रैल को बाजार में गिरावट के बीच इस शेयर में तेजी दिखी।