अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) और अदाणी ग्रीन एनर्जी के दो अन्य बोर्ड मेंबर्स पर रिश्वत देने के आरोप सामने आने से अदाणी ग्रुप की कंपनियों के लिए 21 नवंबर का दिन बेहद बुरा रहा। कंपनियों के स्टॉक्स 22 प्रतिशत तक टूट गए, जिससे निवेशकों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। ऐसे में आज अदाणी ग्रुप के शेयरों में आज क्या करना चाहिए? इस पर बात करते हुए सीएनबीसी-आवाज के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने कहा ने कहा कि कुछ समय के लिए अदाणी शेयरों को रडार से हटा दें। आप इन शेयरों में कभी पैसा नहीं बना पाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि आज सवाल ये है कि SEBI और सरकार भी क्या कुछ एक्शन लेंगे? GQG क्या करेगा, ये भी अब एक बड़ा सवाल होगा?पिछली बार GQG के खरीदने पर ही अदाणी में बॉटम बना था।
अनुज सिंघल ने आगे कहा कि अदाणी ग्रुप के लिए अब बड़ा सवाल यह है कि फंड कैसे जुटाया जाए? क्योंकि US में अब अदाणी ग्रुप को फंडिंग मिलना शायद थोड़ा मुश्किल होगा। क्या अदाणी ग्रुप FPO या राइट्स इश्यू लाएगा और क्या लोग उसमें पैसा डालेंगे? लेकिन बैंक की कल जबरदस्ती पिटाई हुई, खास तौर से प्राइवेट बैंकों की। अदाणी ग्रुप का भारतीय कर्ज बहुत बड़ा नहीं है। अदाणी ग्रुप ने आज तक किसी भी कर्ज पेमेंट में डिफॉल्ट नहीं किया है।
बता दें कि अमेरिकी प्रॉसीक्यूटर्स ने आरोप लगाया है कि गौतम अदाणी, सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट्स हासिल करने के लिए 25 करोड़ डॉलर से अधिक की रिश्वत की पेशकश की साजिश में शामिल हैं। घूस का वादा भारतीय सरकारी अधिकारियों को किया गया। अदाणी ग्रीन एनर्जी में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सागर आर. अदाणी और MD-CEO विनीत एस. जैन पर भी अमेरिकी कानूनों को तोड़ने का आरोप लगा है।
यूएस डिस्ट्रिक्ट कोर्ट का कहना है कि तकरीबन 2020 से 2024 के बीच अदाणी ग्रीन एनर्जी और एज्योर पावर ग्लोबल को सोलर प्रोजेक्ट दिलाने के लिए भारतीय अधिकारियों को रिश्वत की पेशकश की गई। कॉन्ट्रैक्ट के जरिए 20 साल में 2 अरब डॉलर से ज्यादा मुनाफे का अनुमान लगाया गया था। फायदा लेने के लिए झूठे दावे करते हुए लोन और बॉन्ड्स जुटाए गए।
हालांकि इस मुद्दे पर अदाणी ग्रुप ने अपनी प्रतिक्रिया में अदाणी ग्रीन के डायरेक्टर्स के खिलाफ यूएस डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस और यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन की ओर से लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया गया है। साथ ही कहा गया है कि सभी संभव कानूनी उपाय किए जाएंगे।
(डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।