अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) का मार्केट कैपिटलाइजेशन बुधवार को 3 लाख करोड़ रुपये का पार कर गया। इसके साथ ही यह अडानी ग्रुप (Adani Group Stocks) की चौथी ऐसी कंपनी बन गई है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन अब 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। Adani Enterprises Ltd के शेयरों में इस साल अभी तक 57 फीसदी की तेजी आई है।
Adani Enterprises के शेयर बुधवार 3 अगस्त को कारोबार खत्म होने के समय NSE पर 1.15 फीसदी की उछाल के साथ 2,714.45 रुपये पर बंद हुए। इसके साथ ही अडानी एंटरप्राइजेज का मार्केट कैप 3.09 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। पिछले 15 कारोबारी सत्रों में 13 सत्र में अडानी एंटरप्राइजेज के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं।
मार्केट कैपिटलाइजेशन के हिसाब से अडानी एंटरप्राइजेज अब देश की 18वीं सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। अडानी एंटरप्राइजेज के अलावा अडानी ग्रुप की जिन तीन अन्य कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, उसमें अडानी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), अडानी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) और अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) शामिल हैं। अडानी ग्रुप की सबसे मूल्यलवान कंपनी अडानी ट्रांसमिशन है, जिसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 3.77 लाक करोड़ रुपये है।
निफ्टी-50 में शामिल हो सकता है स्टॉक
बुधवार को अडानी एंटरप्राइजेज के शेयरों में तेजी की एक मुख्य वजह इडलवाइज रिसर्च की एक रिपोर्ट रही, जिसमें कहा गया था यह स्टॉक जल्द ही निफ्टी-50 इंडेक्स में श्री सीमेंट की जगह ले सकता है। ब्रोकरेज फर्म ने इसमें विदेशी निवेशकों से 21.3 करोड़ डॉलर का निवेश आने की उम्मीद जताई थी।
बता दें कि निफ्टी के इंडेक्सों में साल में दो बार बदलाव किया जाता है। यह बदलाव मार्केट कैपिटलाइजेशन के अलावा अन्य कई पहलुओं को ध्यान में रखकर किया जाता है। NSE इंडेक्स में बदलाव इस महीने के दूसरे पखवाड़े में किया जा सकता है और जो भी बदलाव होगा वह 30 सिंतबर से इंडेक्स पर दिखने लगेगा। अडानी एंटरप्राइजेज गुरुवार 4 अगस्त को मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजे जारी करेगी।