Adani Group News: अदाणी ग्रुप नए ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स (Green Energy Projects) के लिए 80 करोड़ डॉलर (6535.44 करोड़ रुपये) जुटाने की योजना बना रहा है। अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च (Hindenburg Research) के झटके के बाद से यह ग्रुप के लिए फंड जुटाने का सबसे बड़ा प्लान है। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग को ग्रुप की इस योजना के बारे में सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है। सूत्रों के मुताबिक अदाणी ग्रुप इसे लेकर सुमिटोमो मितसुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (Sumitomo Mitsui Banking Corporation), डीबीएस बैंक (DBS Bank), मित्सुबिशि यूएफजे फाइनेंशियल ग्रुप (Mitsubishi UFJ Financial Group) और स्टैंडर्ड चार्टर्ड (Standard Chartered) से बातचीत कर रहा है।
अभी अंतिम रूप से कुछ तय नहीं
जानकारी के मुताबिक अदाणी ग्रुप 70-80 करोड़ डॉलर की राशि जुटा सकता है। हालांकि सूत्रों ने यह भी कहा कि अभी प्लान और साइज को लेकर अंतिम रूप से कुछ तय नहीं हुआ है। अगर अदाणी ग्रुप इस प्लान पर आगे बढ़ता है और फंड जुटाने में सफल होता है तो अदाणी ग्रुप के लिए यह बहुत बड़ी राहत होगी। इससे यह संकेत मिलेगा कि बैंक इसे कर्ज देने में कोई दिक्कत नहीं महसूस कर रहे हैं। हिंडनबर्ग के झटके ने अदाणी ग्रुप के सामने निवेशकों का भरोसा बनाए रखने की दिक्कत खड़ी कर दी है।
Hindenburg के झटके से अभी तक उबरा नहीं है Adani Group
हिंडनबर्ग ने 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था। ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन इसके शेयर झटके को संभाल नहीं सके। इन आरोपों के चलते ग्रुप की कंपनियों के शेयर 83 फीसदी तक टूट गए। अभी तक अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी के शेयर पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।