Adani Group Public Bond Sale: देश की सबसे बड़े कारोबारी समूह में से एक अदाणी ग्रुप की दो प्रमुख कंपनियां मार्केट से मोटा फंड जुटाने की तैयारी में हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में मामले से जुड़े जानकार सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड और अदाणी पावर लिमिटेड पब्लिक बॉन्ड इश्यू के जरिए कम से कम ₹2,000 करोड़ जुटाने की योजना पर काम कर रही हैं। इस कदम से देश के सुस्त पड़े घरेलू पब्लिक डेट बाजार को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कब आ सकते हैं दोनों कंपनियों के पब्लिक बॉन्ड?
सूत्रों के मुताबिक, अदाणी समूह की ये दोनों कंपनियां स्थानीय बॉन्ड अरेंजर्स के साथ मिलकर इश्यू की रूपरेखा तैयार कर रही हैं। दोनों में से एक कंपनी का पब्लिक बॉन्ड इश्यू दिसंबर के अंत तक बाजार में आने का लक्ष्य है। वहीं दूसरी कंपनी की ओर से मार्च में पब्लिक बॉन्ड पेश किए जाने की योजना है।
प्रत्येक कंपनी के ₹1,000 करोड़ से ₹2,000 करोड़ के बीच जुटाने की उम्मीद है। वैसे इश्यू की शर्तें अभी अंतिम नहीं हैं और इनमें आगे बदलाव संभव है। इस मुद्दे पर अदाणी ग्रुप के प्रतिनिधि की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।
दोनों कंपनियों का पिछला बॉन्ड रिकॉर्ड और क्रेडिट रेटिंग
पब्लिक बॉन्ड के जरिए फंड जुटाने के मामले में अदाणी समूह की कंपनियों का पिछला प्रदर्शन मजबूत रहा है। ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2024 में अपने पहले पब्लिक बॉन्ड इश्यू के बाद से यह अदाणी एंटरप्राइजेज का चौथा पब्लिक बॉन्ड ऑफर होगा।
इससे पहले जनवरी में कंपनी का ₹1,000 करोड़ का पब्लिक बॉन्ड लॉन्च होने के एक घंटे के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। उन बॉन्ड्स की मेच्योरिटी अवधि 2, 3 और 5 साल थी, जिन पर 8.60% से 8.90% तक का रिटर्न ऑफर किया गया था।उसी महीने अदाणी पावर ने भी स्थानीय करेंसी बॉन्ड के जरिए ₹7,500 करोड़ जुटाए थे, जो कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा बॉन्ड इश्यू रहा है।
S&P ग्लोबल रेटिंग्स की भारतीय इकाई Crisil Ratings ने अदाणी पावर को AA+ रेटिंग दी है। वहीं, मूडीज की सहयोगी ICRA ने अदाणी एंटरप्राइजेज की रेटिंग को एक पायदान अपग्रेड कर AA (स्थिर आउटलुक) कर दिया है।
भारत के कॉर्पोरेट बॉन्ड बाजार की क्या है स्थिति?
सेबी के आंकड़ों के अनुसार, मार्च में समाप्त होने वाले मौजूदा वित्त वर्ष में भारतीय कंपनियों ने अब तक पब्लिक बॉन्ड इश्यू के जरिए ₹4,840 करोड़ जुटाए हैं, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष के दौरान यह आंकड़ा ₹11,340 करोड़ रहा था। भारत में कॉर्पोरेट बॉन्ड बिक्री का बड़ा हिस्सा प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए होता है, लेकिन पब्लिक बॉन्ड बाजार के विस्तार से कंपनियों को संस्थागत खरीदारों के अलावा आम निवेशकों तक पहुंच बनाने और फंडिंग के स्रोत बढ़ाने में मदद मिलती है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।