BSE और NSE के शेयरों को लगे पंख, जानिए दोनों में से किसमें निवेश करने पर होगी जोरदार कमाई

ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने बीएसई और एनएसई के शेयरों को कवर करना शुरू किया है। इससे 26 नवंबर को दोनों शेयरों में जबर्दस्त तेजी दिखी। बीते एक महीने में बीएसई का शेयर 17 फीसदी चढ़ा है, जबकि एनएसई का शेयर 37 फीसदी उछला है

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 11:27 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
11 बजे बीएसई का शेयर 4.19 फीसदी चढ़कर 3,933 रुपये पर चल रहा था।

बीएसई और एनएसई के शेयरों को 26 नवंबर यानी गुरुवार को पंख लग गए। 11 बजे बीएसई का शेयर 4.19 फीसदी चढ़कर 3,933 रुपये पर चल रहा था। एनएसई का शेयर 2.72 फीसदी के उछाल के साथ 2.380 पर चल रहा था। विदेशी ब्रोकरेज फर्म एचएसबीसी ने दोनों शेयरों को कवर करना शुरू किया है। इससे दोनों शेयरों में तेजी आई है।

बीएसई का शेयर खरीदने की सलाह

HSBC ने BSE के शेयर को खरीदने (Buy) की सलाह दी है, जबकि NSE के शेयरों पर होल्ड (Hold) रेटिंग दी है। HSBC का मानना है कि आने वाले वर्षों में दोनों एक्सचेंजों के कारोबार में ग्रोथ की अच्छी संभावनाएं हैं, लेकिन कमाई बढ़ने की रफ्तार और शेयरों की वैल्यूएशन के लिहाज से BSE का शेयर ज्यादा आकर्षक नजर आ रहा है।


BSE के लिए ₹4,500 का टारगेट प्राइस

एचएसबीसी ने BSE के शेयरों के लिए 4,500 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। यह बुधवार के क्लोजिंग प्राइस के मुकाबले 19 फीसदी से ज्यादा है। ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक, आने वाले सालों में BSE की कमाई में अच्छी ग्रोथ दिख सकती है। इसके पीछे इक्विटी ऑप्शंस सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी बढ़ना, कैश मार्केट में कारोबार की मजबूती और कमाई के दूसरे स्रोतों का विस्तार प्रमुख कारण होंगे।

NSE पर Hold रेटिंग, ₹2,300 का टारगेट प्राइस

HSBC ने NSE के शेयरों पर Hold रेटिंग के साथ कवरेज शुरू की है। उसने एनएसई के शेयर के लिए 2,300 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है, जो बुधवार के क्लोजिंग प्राइस से थोड़ा कम है। ब्रोकरेज के मुताबिक, NSE की बाजार में मजबूत पकड़ यानी लगभग एकाधिकार जैसी स्थिति है। इसके अलावा ज्यादातर प्रोडक्ट्स में ऊंची ट्रेडिंग हिस्सेदारी और बेहतर टेक्नोलॉजी इसकी बड़ी ताकत हैं।

यह भी पढ़ें: Tata Group में फिर घमासान! चंद्रशेखरन की री-अपॉइंटमेंट को बॉम्बे HC में चुनौती देंगे नोएल टाटा, चिट्ठी से हड़कंप

हालांकि, HSBC का मानना है कि NSE की मजबूत स्थिति और भविष्य में कारोबार बढ़ने की संभावनाएं पहले से ही इसके शेयर की मौजूदा वैल्यूएशन में शामिल हैं। ऐसे में शेयर की वैल्यूएशन में और बढ़ोतरी की गुंजाइश सीमित दिखाई देती है।

FY27 से FY30 के बीच 13% CAGR से बढ़ सकता है NSE का मुनाफा

HSBC के बेस केस अनुमान के मुताबिक, वित्त वर्ष 2027 से वित्त वर्ष 2030 के बीच NSE का प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) करीब 13 फीसदी की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ सकता है। उसका कहना है कि दोनों स्टॉक एक्सचेंजों के पास लंबी अवधि में ग्रोथ के अच्छे अवसर हैं। लेकिन मीडियम टर्म में कमाई बढ़ने की संभावनाओं और मौजूदा वैल्यूएशन को देखते NSE के मुकाबले BSE का शेयर अट्रैक्टिव दिखता है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।