Adani Group News: अदाणी ग्रुप की चार कंपनियों- अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy), अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission), अदाणी विल्मर (Adani Wilmar) और अदाणी पावर (Adani Power) के सर्किट लेवल में बड़ा बदलाव हुआ है। इसका असर आज शेयरों की चाल पर दिख रहा है। बीएसई ने अदाणी पावर को छोड़ बाकी तीनों शेयरों के सर्किट 5 फीसदी से बढ़ाकर 10 फीसदी कर दिया है तो अदाणी पावर का सर्किट 5 फीसदी से सीधे 20 फीसदी पर कर दिया है। इसके चलते अदाणी पावर बीएसई पर इंट्रा-डे में 7 फीसदी उछलकर 281.70 रुपये पर पहुंच गया। आज यह 4.49 फीसदी की बढ़त के साथ 274.80 रुपये पर बंद हुआ है।
बाकी तीन शेयरों की क्या है स्थिति
अदाणी पावर के अलावा जिन तीन शेयरों के सर्किट में बदलाव हुआ है, उनमें से सिर्फ एक आज रेड जोन में है। अदाणी ट्रांसमिशन की बात करें तो यह 3.54 फीसदी उछलकर 845 रुपये पर पहुंच गया और अदाणी विल्मर भी 2.87 फीसदी उछलकर 442 रुपये पर पहुंच गया। दिन के आखिरी में अदाणी ट्रांसमिशन 2.62 फीसदी की बढ़त के साथ 837.50 रुपये और अदाणी विल्मर 0.98 फीसदी के उछाल के साथ 433.85 रुपये पर बंद हुआ। वहीं दूसरी तरफ अदाणी ग्रीन बीएसई पर 0.75 फीसदी की गिरावट के साथ 985.45 रुपये पर बंद हुए लेकिन इंट्रा-डे में यह 1.47 फीसदी उछलकर 1007.45 रुपये पर पहुंच गया था।
Adani Group के चार शेयरों का क्यों बदला सर्किट
हिंडनबर्ग के झटके के चलते अदाणी ग्रुप के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव होने लगा लेकिन अब पिछले कुछ समय से इनमें स्थायी उतार-चढ़ाव है तो एक्सचेंज ने सर्किट में बदलाव का फैसला किया। हालांकि एक्सचेंज इसके बाद भी इन शेयरों की चाल पर नजर रखेंगे और इनमें आगे भी बदलाव हो सकता है।
शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव को थामने के लिए एक्सचेंज एक लिमिट तय करते हैं और उस लिमिट को शेयर इंट्रा-डे में क्रॉस नहीं कर सकते हैं। जैसे कि अदाणी पावर की बात करें तो इसके लिए सर्किट लेवल अब 20 फीसदी है तो यह एक दिन पहले बंद भाव के मुकाबले इंट्रा-डे में 20 फीसदी से ज्यादा नीचे नहीं गिर सकता है और 20 फीसदी से ज्यादा ऊपर नहीं उछल सकता है। एक्सचेंज शेयरों के मूवमेंट और वोलैटिलिटी को ट्रैक करते हैं और इसके आधार पर सर्किट का रिव्यू करते हैं।