Adani Group News: अगर जरूरी मंजूरी मिलती है तो अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) का नाम बदल सकता है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक इसका नाम अदाणी ट्रांसमिशन से बदलकर अदाणी एनर्जी सॉल्यूशन्स (Adani Energy Solutions) हो सकता है और इस प्रस्ताव को बोर्ड की मंजूरी भी मिल चुकी है। वहीं कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसके लिए मार्च 2023 शानदार रही। कंपनी के मुनाफे और ऑपरेशनल रेवेन्यू में शानदार ग्रोथ रही। कंपनी ने सोमवार 29 मई को मार्च तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए थे।
इसके अलावा कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में अनिल सरदाना को फिर से एमडी बनाए जाने की जानकारी दी है। उन्हें 5 साल के लिए यह पद सौंपा गया है और उनकी नियुक्ति 10 मई से प्रभावी हो गई है। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के मुताबिक देश में इलेक्ट्रिसिटी की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने और वर्ल्ड क्लास यूटिलिटी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने को लेकर अदाणी ट्रांसमिशन काम कर रही है।
Adani Transmission के रिजल्ट्स की खास बातें
एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक कंपनी का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट जनवरी-मार्च 2023 में सालाना आधार पर 70 फीसदी उछलकर 389 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके नेट प्रॉफिट को 148 करोड़ रुपये की वन-टाइम इनकम से सपोर्ट मिला। यह इनकम ट्रांसमिशन कारोबार में एक रेगुलेटरी ऑर्डर के जरिए कंपनी को मिले थे। वहीं इसका कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू भी समान अवधि में 17 फीसदी बढ़कर 3031 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू को नई शुरू की गई लाइन्स और एनर्जी की लगातार बढ़ती मांग के चलते डिस्ट्रीब्यूशन रेवेन्यू में उछाल से सपोर्ट मिला।
ऑपरेशनल EBITDA 28 फीसदी की तेजी के साथ 1570 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ट्रांसमिशन EBITDA 9 फीसदी उछलकर 872 करोड़ रुपये और डिस्ट्रीब्यूशन EBITDA 43% बढ़कर 834 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नियामकीय मिड-टर्म ऑर्डर के चलते इसका ट्रांसमिशन कारोबार में शुद्ध मुनाफा 11 फीसदी उछलकर 221 करोड़ रुपये और डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार में 478 फीसदी उछलकर 218 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
नतीजे से पहले अदाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में बिकवाली का दबाव दिखा। सोमवार को इसके नतीजे आने थे और बिकवाली के चलते इसके शेयर इंट्रा-डे में बीएसई पर 3.04 फीसदी टूटकर 824.90 रुपये पर आ गए। दिन के आखिरी में थोड़ी रिकवरी हुई लेकिन फिर भी यह रेड जोन में ही बंद हुआ। सोमवार 29 मई को यह बीएसई पर 2.17 फीसदी की गिरावट के साथ 832.35 रुपये पर बंद हुआ।