Adani Group Stocks: अदाणी समूह की ज्यादतर कंपनियों के शेयरों में 15 मई को उछाल दिखा। इसकी वजह एक खबर है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिका में गौतम अदाणी के खिलाफ चल रहे फ्रॉड के मामले का निपटारा जल्द हो सकता है। गौतम अदाणी इस समूह के चेयरमैन हैं। इस खबर से अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 2.77 फीसदी चढ़कर 2,788 रुपये पर पहुंच गया था। अदाणी पोर्ट्स का शेयर 2.23 फीसदी के उछाल के साथ 1,813 रुपये पर पहुंच गया। अदाणी टोटल गैस में 2.29 फीसदी की तेजी आई। हालांकि, बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ गई।
अदाणी समूह को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद
ब्लूमबर्ग और न्यूयॉर्क टाइम्स ने खबर दी है कि अमेरिका का जस्टिस डिपार्टमेंट इस हफ्ते गौतम अदाणी के खिलाफ लगे आपराधिक आरोपों को हटा सकता है। अमेरिकी मार्केट्स रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) भी सिविल फ्रॉड के एक अलग मामले का निपटारा कर सकता है। इस खबर का असर 15 मई को बाजार खुलने पर अदाणी समूह की कंपनियों पर दिखा।
अदाणी ग्रीन का शेयर बीते एक महीने में 26 फीसदी उछला
14 मार्च को अदाणी समूह की कुछ कंपनियों में जबर्दस्त तेजी आई थी। अदाणी एंटरप्राइजेज 8 फीसदी चढ़ा था। अदाणी ग्रीन एनर्जी 3.53 फीसदी चढ़ा था। 13 मई को यह शेयर 4.49 फीसदी उछला था। बीते एक महीने में यह शेयर 26 फीसदी चढ़ा है।
गौतम अदाणी को चुकाने होंगे 60 लाख डॉलर
ब्लूमबर्ग ने एक अलग खबर में बताया है कि गौतम अदाणी अदाणी ग्रीन एनर्जी से जुड़े डिसक्लोजर के मामले में एसईसी के आरोपों के निपटारे के लिए 60 लाख डॉलर चुकाने को तैयार हो गए हैं। इस प्रस्तावित सेटलमेंट के तहत उनके भतीजे सागर अदाणी को भी 1.2 करोड़ डॉलर चुकाने हैं। अगर इस डील के होने पर अदाणी समूह को बड़ी राहत मिलेगी। शुरुआत में अदाणी समूह ने इन आरोपों को खारिज किया था।
अदाणी ने अमेरिका में 10 अरब डॉलर निवेश का वादा किया था
रायटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आपराधिक आरोपों के संभावित निपटारे की स्थिति तब बनी है, जब अदाणी के वकील रॉबर्ट गिफ्रा ने जस्टिस डिपार्टमेंट के अधिकारियों को पिछले महीने बताया कि इस मामले के जारी रहने पर अदाणी अमेरिका में अपना इनवेस्टमेंट नहीं कर सकेंगे। गिफ्रा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भी व्यक्तिगत वकील हैं। अदाणी ने 2024 में 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की जीत के बाद अमेरिका में 10 अरब डॉलर निवेश करने का वादा किया था। इससे अमेरिका में 15,000 नौकरियों के मौके बनने की उम्मीद है।
दोपहर में अदाणी समूह के शेयरों में तेजी कुछ कम हुई
15 मई को दोपहर में अदाणी समूह की कंपनियों में सुबह दिखी तेजी काफी कम हो गई। 12:30 बजे अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 0.36 फीसदी चढ़कर 2,723 रुपये पर चल रहा था। अदाणी टोटल गैस का शेयर 0.72 फीसदी चढ़कर 617 रुपये पर चल रहा था। अदाणी पोर्ट्स का शेयर 2.12 फीसदी के उछाल के साथ 1,811 रुपये चल रहा था।