Tata Motors PV Share Price: टाटा मोटर्स के शेयरों को 15 मई को पंख लग गए। एक समय शेयर 8.3 फीसदी तक चढ़ गया था। बाद में तेजी कुछ कम हो गई। कंपनी ने 14 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया था। इस दौरान कंपनी का प्रॉफिट गिरा है। लेकिन, एनालिस्ट्स का मानना है कि तिमाही दर तिमाही आधार पर कंपनी के मार्जिन में इम्प्रूवमेंट है। इंडिया में और जेएलआर के बिजनेस में भी फ्री कैश फ्लो दिखा है। कंपनी ने वॉल्यूम को लेकर स्ट्रॉन्ग गाइडेंस दिया है। इसका पॉजिटिव असर 15 मई को कंपनी के शेयरों पर दिखा।
कमोडिटी की कीमतों में उछाल का असर मार्जिन पर
Tata Motors PV ने कहा है कि JLR ने अगले दो साल में 2.3 अरब डॉलर की कॉस्ट सेविंग्स का टारगेट रखा है। बीता साल जेएलआर के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बिजनेस पर ग्लोबल ट्रेड पॉलिसी में अनिश्चितता का असर पड़ा। साइबर हमले की वजह से प्रोडक्शन में बाधा आई। हाल में इसके एक सप्लायर के प्लांट में आग लग गई। टाटा मोटर्स पीवी ने कहा है कि अमेरिका-ईरान की लड़ाई के चलते कमोडिटी की कीमतें बढ़ी हैं। इसका असर कंपनी के मार्जिन पर पड़ रहा है।
ज्यादा प्रॉफिट वाले महंगे मॉडल्स पर बढ़ा फोकस
कमोडिटी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए कंपनी ने खर्च में कमी करने का फैसला किया है। साथ ही वह महंगे मॉडल्स पर फोकस बढ़ा रही है, जिनमें ज्यादा फायदा है। मध्यपूर्व में लड़ाई का असर व्यापार के रास्तों पर पड़ा है। इस वजह से मेटल्स, पेट्रोकेमिकल्स और फ्रेट महंगा हुआ है। कुछ कंपनियों ने व्हीकल्स की कीमतें बढ़ाकर इसका कुछ बोझ ग्राहकों पर डाला है।
मार्जिन पर प्रेशर बना रहा तो फिर कीमतें बढ़ा सकती है कंपनी
मार्च तिमाही में प्रॉफिट में गिरावट के बाद टाटा मोटर्स पीवी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ शैलेश चंद्र ने कहा, "यह हमारे लिए काफी मुश्किल स्थिति है।" कंपनी एक बार व्हीकल्स की कीमतें बढ़ा चुकी हैं। बढ़ी हुई कीमतें 1 अप्रैल से लागू हो गई थीं। चंद्र ने कहा कि अगर कॉस्ट को लेकर प्रेशर बना रहता है तो वह एक बार फिर कीमतें बढ़ाने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 9 से 12 महीनों में कमोडिटी की कीमतें करीब 5 फीसदी बढ़ी हैं। मार्च तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 31.7 फीसदी घटकर 5,783 करोड़ रुपये रहा।
15 मई को शेयरों में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी
Tata Motors PV का शेयर 15 मई को 11:30 बजे 4.21 फीसदी बढ़कर 352 रुपये पर चल रहा था। यह शेयर बीते 3 महीनों में करीब 7 फीसदी फिसला है। कंपनी ने 14 मई को शेयर बाजार बंद होने के बाद मार्च तिमाही के नतीजों का एलान किया था। ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल ने टाटा मोटर्स पीवी के शेयरों को अपग्रेड किया है। उसने शेयर पर अपनी राय 'Reduce' से बदलकर 'Buy' कर दी है। उसने शेयर के लिए 415 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।