अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी विल्मर के शेयरों में आज 8 जुलाई को 4 फीसदी से अधिक की रैली देखी गई। कंपनी के शेयर करीब 2 फीसदी की बढ़त के साथ 339.50 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। दरअसल, अदाणी ग्रुप की कंपनी ने वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही (Q1FY25) के लिए अपना बिजनेस अपडेट जारी किया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में आज जमकर खरीदारी देखी गई। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 44,163 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 422.55 रुपये और 52-वीक लो 285.85 रुपये है।
Adani Wilmar का Q1 में कैसा रहा प्रदर्शन
FMCG कंपनी ने जून तिमाही में वॉल्यूम में सालाना आधार पर 13 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की। इसके एडिबल ऑयल सेगमेंट की ग्रोथ वॉल्यूम में सालाना आधार पर 13 फीसदी और मूल्य में सालाना आधार पर 10 फीसदी बढ़ी है। अदानी विल्मर ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि फूड और FMCG सेगमेंट में वॉल्यूम के हिसाब से 46 फीसदी और वैल्यू के हिसाब से 45 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि इंडस्ट्री के जरूरी सामान सेगमेंट में वॉल्यूम के हिसाब से 8 फीसदी की गिरावट आई, लेकिन वैल्यू के हिसाब से इसमें स्थिर वृद्धि देखी गई।
Adani Wilmar के एडिबल ऑयल बिजनेस में अच्छी ग्रोथ
सेगमेंट के अनुसार अदानी विल्मर ने कहा कि सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन में मजबूत एग्जीक्यूशन के कारण उसका एडिबल ऑयल बिजनेस फल-फूल रहा है। कंपनी ने अपने Q1 बिजनेस अपडेट में कहा, "कंपनी जनरल ट्रेड में मजबूत सेल्स और डिस्ट्रीब्यूशन रणनीतियों को एग्जीक्यूट करके पर्याप्त अवसरों का लगातार पीछा कर रही है। इसके अलावा, हमारे अल्टरनेट चैनल (ई-कॉम, क्विक कॉमर्स, एमटी) ने Q1 में 19 फीसदी की सालाना ग्रोथ के साथ अपनी गति बनाए रखी।"
कंपनी ने कहा, "पहली तिमाही में हमारे ब्रांडेड एक्सपोर्ट के वॉल्यूम में सालाना आधार पर 36 फीसदी की वृद्धि हुई है।" डोमेस्टिक मार्केट में ब्रांडेड प्रोडक्ट्स से अदानी विल्मर का रेवेन्यू पिछले 11 तिमाहियों से लगातार 30 फीसदी सालाना से अधिक की दर से बढ़ रहा है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि उसे उम्मीद है कि फूड वॉल्यूम में मजबूत ग्रोथ जारी रहेगी।