गोल्ड लोन बिजनेस में Aditya Birla Capital की एंट्री, ऐलान पर 3% चढ़े शेयर, ये है प्लान

Aditya Birla Capital Share Price: गोल्ड लोन सेगमेंट में कॉम्पटीशन और बढ़ने वाला है। आदित्य बिड़ला कैपिटल ने भी इसमें एंट्री का ऐलान किया तो शेयरों की चमक बढ़ गई और यह रॉकेट की स्पीड से ऊपर चढ़ गया। जानिए कि कंपनी की योजना क्या है और गोल्ड लोन सेगमेंट में क्या स्थिति है

अपडेटेड Aug 20, 2026 पर 12:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
आदित्य बिड़ला कैपिटल (Aditya Birla Capital) ने पूनावाला फिनकॉर्प (Poonawalla Fincorp) के गोल्ड लोन सेगमेंट में एंट्री के ऐलान के चार महीने बाद इसमें घुसने का ऐलान किया है।

Aditya Birla Capital Share Price: आदित्य बिड़ला कैपिटल ने गोल्ड लोन बिजनेस में एंट्री का ऐलान किया तो इसके शेयरों की चमक बढ़ गई। कंपनी ने ऐलान किया कि इसके एनबीएफसी बिजनेस ने गोल्ड लोन बिजनेस में एंट्री की है और तीन साल में गोल्ड लोन के 1 हजार ब्रांच खोले जाएंगे। इस ऐलान पर निवेशक टूट पड़े जिससे शेयर 3% से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 2.77% की बढ़त के साथ ₹407.75 पर है। इंट्रा-डे में यह 3.34% चढ़कर ₹410.00 तक पहुंच गया था।

क्या है Aditya Birla Capital का प्लान

आदित्य बिड़ला कैपिटल ने एक्सचेंज फाइलिंग में आज 20 अगस्त को जानकारी दी कि इसकी एनबीएफसी इकाई ने गोल्ड लोन बिजनेस में एंट्री की है और तीन साल में गोल्ड लोन के 1 हजार ब्रांच खोले जाएंगे। इसमें से योजना के तहत हाई-पोटेंशियल वाले मार्केट में मार्च 2027 तक 200-300 ब्रांच खुल जाएंगे। कंपनी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और सीईए-एनबीएफसी राकेश सिंह का कहना है कि भारत में गोल्ड लोन में मजबूत स्ट्रक्चरल ग्रोथ दिख रही है और इस सेगमेंट में कंपनी की एंट्री उसकी सिक्योर्ड लेंडिंग स्ट्रैटेजी का एक स्वाभाविक विस्तार है।


गोल्ड लोन मार्केट में बढ़ रहा कॉम्पटीशन

आदित्य बिड़ला कैपिटल ने पूनावाला फिनकॉर्प (Poonawalla Fincorp) के गोल्ड लोन सेगमेंट में एंट्री के ऐलान के चार महीने बाद इसमें घुसने का ऐलान किया है। अभी इसमें मुथूट फाइनेंस (Muthoot Finance), मणप्पुरम फाइनेंस (Manappuram Finance) और आईआईएफएल फाइनेंस (IIFL Finance) का दबदबा है और अब दो कंपनियों की एंट्री से कॉम्पटीशन बढ़ने के आसार हैं। खास बात ये है कि सिर्फ गोल्ड लोन कंपनियां ही नहीं बल्कि फेडरल बैंक (Federal Bank), सीएसबी बैंक (CSB Bank), और साउथ इंडियन बैंक (South Indian Bank) जैसे बैंकों की गोल्ड लोन सेगमेंट में मौजूदगी से कॉम्पटीशन और बढ़ा है।

जून तिमाही में सालाना आधार पर मुथूट फाइनेंस का गोल्ड लोन एयूएम 44% बढ़ा तो मणप्पुरम का AUM लगभग दोगुना होकर 97% बढ़ गया। आईआईएफल फाइनेंस के गोल्ड लोन में इस दौरान 114% की बढ़ोतरी हुई। फेडरल बैंक की भी इस सेगमेंट में 33% और सीएसबी बैंक की ग्रोथ 47% रही।

अब आदित्य बिड़ला कैपिटल की बात करें तो जून तिमाही में सालाना आधार पर इसका नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 27.9% बढ़कर ₹2,377 करोड़ तो नेट प्रॉफिट 40% बढ़कर ₹1,175 करोड़ हो गया। इस दौरान कंपनी का कुल बिजनेस लोन 31% बढ़कर ₹95,099 करोड़ और कुल एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) 28% बढ़कर ₹1.67 लाख करोड़ हो गया।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल

आदित्य बिड़ला कैपिटल के शेयर पिछले साल 3 सितंबर 2025 को बीएसई पर ₹273.00 के भाव पर थे जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 11 महीने में यह 57.71% उछलकर 3 अगस्त 2026 को ₹430.55 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है।

Upper Circuit Stocks: Tata Motors PV से मिला नया बिजनेस, रॉकेट की स्पीड से अपर सर्किट पर पहुंचा यह शेयर

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।