Amitabh Bachchan Portfolio: 84 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन आज भी फिल्मों और टीवी दुनिया में सिर्फ सक्रिय ही नहीं हैं, बल्कि व्यस्त भी हैं। कौन बनेगा करोड़पति यानी KBC की तो फिलहाल उनके बिना कल्पना ही नहीं की जा सकती है। फिल्मों में तो उनकी किसी से कोई तुलना ही नहीं हो सकती है। इन सबके बीच अमिताभ बच्चन की निवेश स्ट्रैटेजी भी सुर्खियों में है। रियल एस्टेट में तो उनका काफी निवेश है ही, कंपनियों में भी उन्होंने काफी पैसे लगाए हैं, जिसमें से कुछ लिस्टेड हैं तो कुछ निवेश के बाद आईपीओ लाकर लिस्ट हुई हैं।
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के नियमों के मुताबिक स्टॉक मार्केट में लिस्टेड कंपनियों को 1% या इससे अधिक की होल्डिगं वाली कंपनियों के नाम का खुलासा करना अनिवार्य होता है। इसका मतलब हुआ कि अगर किसी कंपनी में किसी शेयरहोल्डर की 1% से कम होल्डिंग है तो उसका नाम शेयरहोल्डिंग पैटर्न में नहीं दिखेगा तो इससे कम होल्डिंग में पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि किसी की कितनी हिस्सेदारी है। हालांकि आईपीओ के ड्राफ्ट में डिटेल्स सामने आ सकती है।
अब अमिताभ बच्चन के पोर्टफोलियो की बात करें तो उनका नाम डीपी वायर्स (DP Wires) के जून 2026 के शेयरहोल्डिंग पैटर्न में दिख रहा है। जून तिमाही के आखिरी में उनके पास कंपनी के 2,65,105 शेयर थे जोकि 1.71% इक्विटी होल्डिंग है। एक अहम बात ये है कि उन्होंने 23 जून को प्रति शेयर ₹199.90 के भाव पर डीपी वायर्स के 41,566 शेयर खरीदे, जबकि ₹200.84 के भाव पर 1,23,622 शेयर बेचे थे। इस प्रकार उन्होंने 82,056 शेयरों की नेट सेलिंग से ₹1.64 करोड़ की कमाई की थी। बीएसई पर मौजूद शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक मार्च 2026 के आखिरी में उनके पास कंपनी के 3,27,590 शेयर थे जो कंपनी की 2.11% हिस्सेदारी के बराबर है। शुक्रवार 9 अक्टूबर को बीएसई पर यह 4.15% की बढ़त के साथ ₹224.70 पर बंद हुआ था।
Tracxn पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक अमिताभ बच्चन की पहले पॉलिसीबाजार (Policybazaar) की पैरेंट कंपनी पीबी फिनटेक (PB Fintech) में भी हिस्सेदारी थी। इसके अलावा उन्होंने जस्ट डायल में भी पैसे डाले हुए हैं। साथ ही कई और कंपनियों में उनका निवेश है।
Real Estate में भी काफी निवेश
अमिताभ बच्चन ने रियल एस्टेट में भी काफी निवेश किया हुआ है। प्रतीक्षा, जलसा, जनक और वत्स के साथ-साथ मुंबई में अपार्टमेंट और फ्लैट्स के अलावा देश के बाहर दुबई और ल्यूक्स (Luxe) में भी उनके पास प्रॉपर्टी है। हाल ही में उन्होंने अयोध्या में करोड़ों की जमीन खरीदी और अब अयोध्या में उनके पास ₹90-₹100 करोड़ तक की जमीन है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।