Amitabh Bachchan Portfolio: मंगलवार अमिताभ बच्चन के लिए काफी मंगल साबित हुआ। महानायक अमिताभ बच्चन ने अपना जलवा स्टॉक मार्केट में भी दिखाया और उन्होंने 23 जून को स्टील वायर और प्लास्टिक पाइप बनाने वाली कंपनी डीपी वायर्स (DP Wires) में ₹1.64 करोड़ के 82,056 शेयरों की नेट सेलिंग की। वैसे अमिताभ बच्चन के पास पहले से ही इस कंपनी में 2% से अधिक होल्डिंग थी लेकिन मंगलवार को उन्होंने कुछ शेयर खरीदे तो कुछ बेचे। अभी की बात करें तो फिलहाल बीएसई पर यह 4.42% की बढ़त के साथ ₹212.60 के भाव (DP Wires Share Price) पर है। इंट्रा-डे में यह 7.12% उछलकर ₹218.10 तक पहुंच गया था।
DP Wires के कितने शेयर खरीदे-बेचे Amitabh Bachchan ने
एनएसई पर मौजूद बल्क डील्स के आंकड़ों के मुताबिक अमिताभ हरिवंश राय बच्चन ने प्रति शेयर ₹199.90 के भाव पर डीपी वायर्स के 41,566 शेयर खरीदे, जबकि ₹200.84 के भाव पर 1,23,622 शेयर बेचे। इस प्रकार उन्होंने 82,056 शेयरों की नेट सेलिंग से ₹1.64 करोड़ की कमाई की। बता दें कि अमिताभ बच्चन के पास इस कंपनी में पहले से ही होल्डिंग थी। बीएसई पर मौजूद शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक मार्च 2026 के आखिरी में उनके पास कंपनी के 3,27,590 शेयर थे जो कंपनी की 2.11% हिस्सेदारी के बराबर है।
डीपी वायर्स के बाकी शेयरहोल्डर्स की बात करें तो इसमें पब्लिक शेयरहोल्डर्स की होल्डिंग 25.22% है जिसमें म्यूचुअल फंड्स और बीमा कंपनियां नहीं है। ₹2 लाख तक के निवेश वाले 20,979 खुदरा निवेशकों के पास इसके 28,87,608 शेयर हैं जो कंपनी की 18.63% हिस्सेदारी के बराबर है।
डीपी वायर्स के लिए पिछले वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही मिली-जुली रही। मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 6.28% घटकर 129.01 करोड़ रह गई तो दूसरी तरफ शुद्ध मुनाफा 132.60% चढ़कर ₹9.39 करोड़ पर पहुंच गया। अब शेयरों की बात करें तो इसने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। पिछले साल 8 सितंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹306.10 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 6 महीने में यह 60.14% फिसलकर 2 मार्च 2026 को ₹122.00 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।