घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स BSE Sensex और Nifty 50 आज ग्रीन से रेड जोन में झूल रहे हैं और फिलहाल इनमें तेज गिरावट है। वहीं दूसरी तरफ रिटेल कंपनी आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल (Aditya Birla Fashion and Retail) के शेयरों को खरीदने की होड़ मच गई है। इस होड़ में शेयर फटाक से करीब 17 फीसदी उछल गए जोकि जून 2020 के बाद की एक दिन में सबसे बड़ी तेजी है। मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी नरमी जरूर आई है लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज BSE पर यह 11.55 फीसदी की बढ़त के साथ 236.15 रुपये के भाव (Aditya Birla Fashion and Retail Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 16.86 फीसदी की मजबूती के साथ 247.40 रुपये के भाव तक पहुंच गया था।
आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल ने मदुरा फैशन एंड लाइफस्टाईल को डीमर्ज यानी अपने से अलग कर एक अलग कंपनी के रूप में लिस्ट करने का ऐलान किया है। इसके चलते ही निवेशक इसके शेयरों पर टूट पड़े हैं। आदित्य बिड़ला फैशन की योजना दो ग्रोथ इंजन तैयार करने की है और इसी के तहत मदुरा फैशन एंड लाइफस्टाईल को अलग लिस्ट किया जाएगा। इसे आदित्य बिड़ला फैशन ने करीब 25 साल पहले वर्ष 1999 में खरीदा था। मदुरा फैशन वर्ष 2000 से ही आदित्य बिड़ला नुवो का हिस्सा था। शेयरहोल्डर की वैल्यू अनलॉक करने के लिए इसे अलग कर वर्ष 2016 में आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल का हिस्सा बना दिया गया। अब इसे अलग लिस्टेड कंपनी बनाया जाएगा और इसकी बैलेंस शीट मजबूत करने के लिए आदित्य बिड़ला फैशन एक साल के भीतर इसमें निवेश के लिए पूंजी जुटाएगी। सभी शेयरहोल्डर्स को इस नई कंपनी के उतने शेयर मिलेंगे, जितने आदित्य बिड़ला फैशन के हैं।
ब्रोकरेज का क्या है रुझान
आज की तेजी के साथ आदित्य बिड़ला फैशन के शेयर सभी अहम डेली मूविंग एवरेज के पार पहुंच गए। इसका RSI (रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स) सोमवार के क्लोजिंग के हिसाब से 45 पर है। इसे ट्रैक करने वाले 24 एनालिस्ट्स में से 10 ने इसकी सेल रेटिंग कायम रखी है और पांच ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। मॉर्गन स्टैनले ने 200 रुपये के टारगेट प्राइस पर इसकी अंडरवेट रेटिंग बरकरार रखी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।