कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते भारतीय बाजार मॉर्निंग सेशन में काफी वोलेटाइल रहे। लेकिन बाद में बाजार पर बुल्स हावी हुए और अंतत: सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में बंद होने में कामयाब रहे। सेंसेक्स आज 125 अंक बढ़कर 54,402 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 20 अंक बढ़कर 16,258 पर बंद हुआ। छोटे मझोले शेयरों में आज बिकवाली देखने को मिली। BSE मिडकैप इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट रही वहीं स्मॉल कैप इंडेक्स 0.7 फीसदी टूटा।
जियोजीत फाइनेंशियल के विनोद नायर का कहना है कि मिड और स्मॉल कैप में लगातार बिकवाली और कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू बाजार में ब्रॉडर मार्केट में अपनी शुरुआती बढ़त गवां दी। हालांकि लार्ज कैप में मजबूती के चलते सेंसेक्स निफ्टी पिछले हफ्ते के क्लोजिंग के करीब बंद होने में कामयाब रहे। उन्होंने आगे कहा कि आज के कारोबार में मीडिया स्टॉक मल्टीप्लेक्स स्टॉक ने बड़े शहरों में अनलॉकिंग की उम्मीद के चलते बढ़त देखने को मिली। वहीं प्राइवेटाइजेशन में देरी के चलते PSU बैंक फिसलते नजर आए। बिकवाली के दबाव में मेटल स्टॉक्स को नीचे धकेल दिया।
India VIX 12.60 के स्तर पर सपाट रहा। वोलैटिलिटी इंडेक्स में स्थिरता का मतलब ये है कि लगाम बुल्स के हाथ में है और बाजार में आगे तेजी देखने को मिल सकती है। डेरिवेटिव्स पर नजर डालें तो 15,000 और उसके बाद 16,000 के स्ट्राइक पर सबसे ज्यादा Put OI वहीं 16,500 और 16,300 की स्ट्राइक पर अधिकत Call OI देखने को मिल रहा है।
ऑप्शन डेटा के आधार पर एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी 16,000 और 16,500 के रेंज में कारोबार करता नजर आ सकता है जिसका इमिडिएट ट्रेडिंग रेंज 16,100 और 16,400 के जोन में होगा।
Motilal Oswal Financial Services के चंदन तपाड़िया का कहना है कि निफ्टी ने लॉन्ग लोअर शैडो के साथ एक छोटा कैंडल बनाया है जो इस बात का संकेत है कि हर गिरावट पर खरीद हो रही है। निफ्टी को 16,400 और 16500 के जोन में जाने के लिए 16200 के ऊपर टिकना होगा। नीचे की तरफ इसके लिए 16,150 और 16000 के लेवल पर सपोर्ट नजर आ रहा है।
Kotak Securities के श्रीकांत चौहान का कहना है कि पिछले हफ्ते की जोरदार रैली के बाद निफ्टी 16,300 -16,100 के बीच कंसोलिडेट हो रहा है। लेकिन बाजार में तेजी का ट्रेंड अभी भी बना हुआ है। डे ट्रेडर्स के लिए 16,180-16,150 पर मजबूत सपोर्ट नजर आ रहा है। जबतक निफ्टी इस लेवल के ऊपर बना हुआ है। तब तक उसमें अपट्रेंड कायम रहेगा। निफ्टी के लिए 16,300 पर इमिडिएट रजिस्टेंस नजर आ रहा है। अगर निफ्टी इस लेवल को तोड़ देता है तो फिर उसमें और बढ़त देखने को मिल सकती है।
शेयरखान के गौरव रत्नपारखी का कहना है कि आज बाजार में कंसोलिडेशन देखने को मिला। ऐसा लगता है कि इस कंसोलिडेशन के जरिए बुल्स अपने को अगली दौड़ के लिए तैयार कर रहे हैं। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 16,200-16,150 पर सपोर्ट नजर आ रहा है। निफ्टी हमें शॉर्ट टर्म में 16,400 की तरफ जाता दिख सकता है।