'AI का क्रेज अभी खत्म नहीं हुआ...', टेक शेयरों में गिरावट पर समीर अरोड़ा का दावा; Big Tech और IT सेक्टर्स के लिए दिए अहम संकेत

Samir Arora: क्या टेक शेयरों में आई गिरावट AI के दौर का अंत है या फिर असली दांव अब शुरू हुआ है? हेलिओस कैपिटल के संस्थापक समीर अरोड़ा के अनुसार बिग टेक कंपनियां AI पर अरबों डॉलर का निवेश जारी रखेंगी और कमाई करती रहेंगी। लेकिन, भारतीय IT शेयरों में आई तेजी को लेकर उन्होंने बड़ी चेतावनी दी है। जानिए अरोड़ा का भारतीय IT सेक्टर्स पर 'सुपर बेयरिश' रुख क्यों है

अपडेटेड Nov 11, 2026 पर 9:27 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
समीर अरोड़ा के अनुसार, मौजूदा AI निवेश चक्र को 1999 के डॉट-कॉम बबल से जोड़कर देखना गलत है

Samir Arora on AI Trade & Big Tech Outlook: टेक शेयरों में हाल ही में आई गिरावट को AI ट्रेड का अंत समझना एक बड़ी भूल हो सकती है। हेलिओस कैपिटल के संस्थापक समीर अरोड़ा के अनुसार, असली सवाल यह नहीं है कि AI से जुड़े शेयर गिर रहे हैं या नहीं, बल्कि यह है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर और एप्लीकेशन में होने वाला निवेश धीमा पड़ा है या नहीं। और इस पैमाने पर देखें तो AI साइकल पूरी तरह मजबूत और बरकरार है।

समीर अरोड़ा का मानना है कि निवेशक दो अलग-अलग बातों को मिला रहे हैं- AI शेयरों का प्रदर्शन और खुद AI तकनीक का फैलाव। गूगल, मेटा, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियां न केवल अपने निवेश प्लान को बनाए हुए हैं, बल्कि इसे और बढ़ा रही हैं।

'1999 का डॉट-कॉम बबल नहीं है यह': बिग टेक का कैपेक्स गणित


समीर अरोड़ा के अनुसार, मौजूदा AI निवेश चक्र को 1999 के डॉट-कॉम बबल से जोड़कर देखना गलत है। उन्होंने बताया कि 1999 में नए स्टार्ट-अप्स बिना किसी ठोस बिजनेस मॉडल के प्राइवेट इक्विटी के दम पर बाजार में आ रहे थे। इसके विपरीत, आज गूगल, मेटा, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी स्थापित कंपनियां अपने खुद के भारी कैश-फ्लो से AI में $200 बिलियन से $250 बिलियन का निवेश कर रही हैं।

'यूटिलिटी' जैसा बिजनेस मॉडल: इन कंपनियों का लक्ष्य तुरंत असाधारण मुनाफा कमाना नहीं है। AI इंफ्रास्ट्रक्चर एक पावर प्लांट या यूटिलिटी बिजनेस की तरह है, जहां से रेंटल इनकम की तरह स्थिर रिटर्न मिलता रहेगा। यह तकनीक उनके मुख्य बिजनेस को मजबूत करने का काम करेगी।

Big Tech बनाम Pure-Play AI स्टार्ट-अप्स: कहां है जोखिम?

समीर अरोड़ा ने बड़ी टेक प्लेटफॉर्म कंपनियों और केवल AI पर निर्भर कंपनियों के बीच स्पष्ट अंतर बताया है। अमेजन, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट के पास गैर-AI बिजनेस का बड़ा आधार है, जिससे उनका जोखिम कम होता है।

एंथ्रोपिक या OpenAI जैसी प्योर-प्ले AI कंपनियों को सार्वजनिक बाजार की मौजूदा ऊंची वैल्यूएशन पर केवल AI से पैसा कमाकर साबित करना होगा, जो कि बेहद कठिन काम है।

गूगल को लेकर असमंजस और सेमीकंडक्टर का अवसर

समीर अरोड़ा के ग्लोबल फंड में गूगल व्यक्तिगत रूप से सबसे बड़ी शेयर होल्डिंग है। हालांकि, वे स्वीकार करते हैं कि Gemini जैसे AI टूल्स के कारण गूगल के पारंपरिक सर्च बिजनेस में अनिश्चितता पैदा हुई है। गूगल को AI द्वारा जनरेट किए गए उत्तरों से विज्ञापन कमाने के नए तरीके ढूंढने होंगे।

सेमीकंडक्टर क्षेत्र में वे सैमसंग पर बुलिश हैं। उनका अनुमान है कि मेमोरी चिप्स की किल्लत अगले 4 से 5 साल तक बनी रह सकती है, जिसका सीधा फायदा स्थापित चिप निर्माताओं को मिलेगा।

भारतीय IT सेक्टर्स पर 'सुपर बेयरिश' रुख

समीर अरोड़ा ने इस धारणा को पूरी तरह से खारिज कर दिया कि अमेरिकी AI शेयरों में गिरावट से भारतीय IT सेवा कंपनियों को फायदा होगा। अमेरिकी AI शेयरों के गिरने पर भारतीय IT शेयरों में आई तेजी को बाजार की गलत समझ बताते हुए उन्होंने कहा कि टेक कंपनियों के शेयर गिरना AI तकनीक के धीमा होने का संकेत नहीं है।

अगर अमेरिकी दिग्गज कंपनियां AI पर अपना पूंजीगत खर्च लगातार बढ़ा रही हैं, तो ट्रेडिशनल IT सर्विसेज के लिए चुनौती और खतरा पहले से अधिक बढ़ गया है। अरोड़ा ने कहा, 'हम भारतीय IT पर अब केवल बेयरिश नहीं, बल्कि सुपर बेयरिश हैं'।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।