Share Market Rally: कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट ने आज मार्केट में ऐसी रौनक बिखेरी कि सेंसेक्स 1350 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी 27 फरवरी के बाद पहली बार एकदम 25400 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी रौनक छा गई और स्मॉलकैप स्पेस में थोड़ी अधिक। निफ्टी मिडकैप 100 में फिलहाल आधे फीसदी से अधिक की बढ़त है तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1% से अधिक। मार्केट की इस रौनक में शुरुआती कारोबार में ही बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹4 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया यानी कि निवेशकों की दौलत में ₹4 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ।
हालांकि मार्केट में डर थोड़ा बढ़ा और इसे मापने वाला इंडिकेटर India VIX फिलहाल 1.23% के उछाल के साथ 17.64 पर है। इसमें तेजी का मतलब शॉर्ट टर्म में वोलैटिलिटी हाई होने की आशंका बढ़ना तो फिसलने का मतलब वोलैटिलिटी कम होने की संभावना है।
अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 09:40 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 1353.06 प्वाइंट्स यानी 1.67% की बढ़त के साथ 82459.71 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 360.20 प्वाइंट्स यानी 1.44% की मजबूती के साथ 25404.85 पर है। इंट्रा-डे में बात करें तो सेंसेक्स 1376.22 प्वाइंट्स चढ़कर 82,482.87 और निफ्टी भी 364.60 प्वाइंट्स उछलकर 25,409.25 तक पहुंचा था।
Share Market Rally: ये है वजह
अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड गिरकर प्रति बैरल $90 और डब्ल्यूटीआई क्रूड भी गिरकर प्रति बैरल $85 पर आ गया। अगस्त के बाद पहली बार क्रूड की कीमतें इस लेवल पर आई हैं। इसने मार्केट में रौनक बिखेर दी।
विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी
भारतीय मार्केट में विदेशी निवेशक धड़ाधड़ खरीदारी कर रहे हैं। पिछले हफ्ते ₹48,263 करोड़ के शेयर खरीदने के बाद सम्वत् 2083 के पहले दिन सोमवार को भी उन्होंने जमकर शेयर खरीदे। कंपनियों की कमाई में उछाल के बीच विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी फिर से बढ़ी है। हेलिओस कैपिटल (Helios Capital) के फाउंडर और फंड मैनेजर समीर अरोड़ा का कहना है कि डॉलर के हिसाब से कंपनियों की कमाई डबल-डिजिट में बढ़ रही है, जो विदेशी निवेशकों को भारतीय शेयरों की तरफ वापस खींच रही है।
बैंकिंग और ऑटो स्टॉक्स से मजबूत सपोर्ट
मार्केट को फिलहाल बैंकिंग और ऑटो स्टॉक्स से मजबूत सपोर्ट मिला है। फिलहाल पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक और ऑटो कंपनियों के निफ्टी इंडेक्स में 1-1% से अधिक की बढ़त है। फिलहाल सिर्फ एक अहम सेक्टर में ही बिकवाली का दबाव है और निफ्टी फार्मा में करीब आधे फीसदी की गिरावट है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा के मुताबिक जोरदार तेजी के बाद निफ्टी पिछले दो कारोबारी सत्रों से कंसोलिडेशन में है। इसके बावजूद लगातार खरीदारी से बाजार में तेजी के ट्रेंड के जारी रहने का संकेत मिलता है। उनके मुताबिक इंडेक्स ट्रेडर्स के लिए फिलहाल गिरावट पर खरीदारी की रणनीति सही है। वत्सल के मुताबिक तत्काल रेजिस्टेंस 25,200 और महत्वपूर्ण सपोर्ट 24,750-24,800 पर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।