Ajanta Pharma Q1 Results: दवा बनाने वाली अजंता फार्मा ने जून तिमाही में दमदार नतीजे पेश किए हैं। अमेरिका के जेनेरिक बिजनेस में शानदार प्रदर्शन और भारत समेत दूसरे बड़े बाजारों में अच्छी बिक्री की बदौलत कंपनी का मुनाफा और रेवेन्यू, दोनों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। इसके साथ ही कंपनी ने निवेशकों को ₹32 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।
अजंता फार्मा का नेट प्रॉफिट 31% बढ़ा
जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 30.9% बढ़कर ₹334.2 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹255.3 करोड़ था। वहीं, रेवेन्यू 24.8% बढ़कर ₹1,626 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹1,302.7 करोड़ था।
ऑपरेशनल मोर्चे पर भी प्रदर्शन मजबूत रहा। EBITDA 20.6% बढ़कर ₹423.6 करोड़ हो गया। हालांकि, रिसर्च और नए प्रोडक्ट्स पर ज्यादा खर्च की वजह से EBITDA मार्जिन मामूली घटकर 26.1% रह गया। पिछले साल यह 27% था।
अमेरिका और भारत के कारोबार ने दिखाई ताकत
इस तिमाही में सबसे ज्यादा चमका अजंता फार्मा का US Generics बिजनेस। इस कारोबार से मिलने वाला रेवेन्यू 57% बढ़कर ₹487 करोड़ हो गया। वहीं, अफ्रीका इंस्टीट्यूशनल कारोबार में 83% और अफ्रीका ब्रांडेड कारोबार में 30% की बढ़त दर्ज की गई।
भारत अजंता फार्मा का सबसे बड़ा बाजार है। यहां भी कारोबार मजबूत रहा। यहां ब्रांडेड जेनेरिक बिजनेस का रेवेन्यू 24% बढ़कर ₹509 करोड़ पहुंच गया। हालांकि, एशिया ब्रांडेड जेनेरिक कारोबार थोड़ा कमजोर रहा। इस सेगमेंट का रेवेन्यू 16% घटकर ₹255 करोड़ रह गया।
कंपनी का कहना है कि जून 2026 तक के IQVIA MAT आंकड़ों के मुताबिक उसका भारत का ब्रांडेड जेनेरिक कारोबार पूरे भारतीय फार्मा बाजार से तेज रफ्तार से बढ़ा। नए प्रोडक्ट लॉन्च और ज्यादा बिक्री ने इसमें अहम भूमिका निभाई।
रिसर्च पर फोकस, शेयर में भी तेजी
तिमाही के दौरान कंपनी को 3 ANDA की मंजूरी मिली और उसने अमेरिकी बाजार में 2 नए प्रोडक्ट लॉन्च किए। अब उसके पास कुल 51 कमर्शियल ANDA हैं। इसके अलावा 17 ANDA अभी अमेरिकी FDA की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि 5 आवेदनों को अस्थायी मंजूरी मिल चुकी है।
कंपनी ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर ₹66 करोड़ खर्च किए, जो उसके कुल रेवेन्यू का करीब 4% है। नतीजों के बाद एनएसई पर अजंता फार्मा का शेयर इंट्राडे में ₹3,531.90 तक पहुंच गया। बाद में यह 1.12% की बढ़त के साथ ₹3,434.50 पर कारोबार करता दिखा।
निवेशकों को ₹32 का डिविडेंड मिलेगा
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹2 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹32 का पहला अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है। इसके लिए 5 अगस्त रिकॉर्ड डेट तय की गई है। डिविडेंड का पैसा 18 अगस्त या उसके बाद निवेशकों के खाते में भेजा जाएगा। डिविडेंड पर कंपनी करीब ₹400 करोड़ खर्च करेगी।
अजंता फार्मा का शेयर गुरुवार को 1.34% बढ़कर 3,442 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में शेयर 23.73% बढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 42.81 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।