Adani Group Shares: अदाणी ग्रुप के सभी शेयरों में गुरुवार 4 मई को शानदार तेजी देखी गई। अरबपति उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) की अगुआई वाले अदाणी ग्रुप की शेयर बाजार में कुल 10 कंपनियां सूचीबद्ध हैं। इन सभी 10 कंपनियों के शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। सबसे अधिक तेजी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) के शेयरों में देखने को मिली, जो ग्रुप की सबसे प्रमुख कंपनी है। अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयर आज एनएसई पर 3.93% की तेजी के साथ 1,911.25 रुपये के भाव पर बंद हुए। इसके बाद अदाणी ग्रुप के शेयरों में सबसे अधिक तेजी अदाणी पावर (Adani Power) में देखने को मिली और यह एनएसई पर 2.81% चढ़कर 238.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
ग्रुप की बाकी कंपनियों में, अदाणी ट्रांसमिशन (Adani Transmission) के शेयर आज एनएसई पर 1.86% फीसदी बढ़कर 1,011.55 रुपये के भाव पर बंद हुए। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयर 1.51% बढ़कर 679.75 रुपये के भाव पर बंद हुए। अदाणी टोटल गैस (Adani Total Gas) के शेयरों में 0.79% की तेजी रही। जबकि अदाणी विल्मर (Adani Wilmer) और अदाणी ग्रीन एनर्जी (Adani Green Energy) के शेयर क्रमश: 0.39% और 0.37% की बढ़त के साथ बंद हुए।
ग्रुप की सीमेंट कंपनियों में भी आज तेजी रही। अंबुजा सीमेंट्स (Ambuja Cements) का शेयर 1.21% बढ़कर 388.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ। वहीं एसीसी (ACC) के शेयर 1.30 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। जबकि ग्रुप की मीडिया कंपनी एनडीटीवी (NDTV) के शेयरों में आज 0.38% की बढ़त देखी गई।
अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में यह तेजी ऐसे समय में आई है, जब कंपनी ने आज अपनी मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 137.5 फीसदी बढ़कर 722.5 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 304.3 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 26 फीसदी बढ़कर 31,346 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 24,866 करोड़ रुपये था।
Hindenburg ने दिया था अदाणी ग्रुप को झटका
अमेरिका की एक फाइनेंशियल फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने इस साल 24 जनवरी को अदाणी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी किया था। इसमें अदाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया गया था। ग्रुप ने इन आरोपों से इनकार किया था लेकिन इसके शेयर झटके को संभाल नहीं सके। इन आरोपों के बाद ग्रुप की कंपनियों के शेयर 83 फीसदी तक टूट गए थे। अभी तक अदाणी ग्रुप की किसी भी कंपनी के शेयर पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।