Daily Voice: रियल एस्टेट शेयरों में मिलेगा अच्छा रिटर्न, बैंकिंग शेयर भी नजर आ रहे अच्छे, फर्टिलाइजर से रहें दूर
Daily Voice: अल्फा कैपिटल के अजय अग्रवाल का मानना है कि कुछ को छोड़कर सभी उर्वरक स्टॉक इस समय अपने ऑलटाइम हाई के करीब चल रहे हैं। कम विकास दर और ऊंची कीमतों के कारण इस समय यह सेक्टर निवेश के लिए अच्छा नहीं दिख रहा है। बैंकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट, ई-कॉमर्स और कमोडिटी सेक्टर का लगभग दो दशकों के अनुभव रखने वाले अजय का कहना है कि वर्तमान में हमें बाजार के लिए कोई बड़ा जोखिम नहीं नजर आ रहा है
MoneyControl News
अपडेटेड Oct 17, 2023 पर 12:35 PM
Daily Voice : अजय ने कहा कि सितंबर में रिटेल महंगाई गिरकर 5.02 फीसदी पर आ गई। ये बाजार के 5.5 फीसदी के अनुमान से काफी कम है। यह फिलहाल आरबीआई के लिए 2-6 फीसदी के लक्ष्य के दायरे में है। हालांकि, हमें इसके 4 फीसदी से नीचे गिरने की उम्मीद नहीं है
Daily Voice : अल्फा कैपिटल (Alpha Capital)के एसोसिएट पार्टनर अजय अग्रवाल ने मनीकंट्रोल के साथ हुई बातचीत में कहा कि वे टियर 2 और टियर 3 शहरों में रियल एस्टेट सेक्टर को लेकर काफी बुलिश हैं। उनका कहना है कि उनकी टीम का अनुमान है कि टियर 2 और टियर 3 शहरों में रियल एस्टेट में मिलने वाला रिटर्न प्रतिशत बड़े शहरों के मुकाबले बेहतर रहने की उम्मीद है। इसके अलावा, अगले महीने भारत में चुनाव शुरू होने वाले हैं, उनका मानना है कि आगामी चुनावों का बाजार के प्रदर्शन पर सीमित प्रभाव ही पड़ेगा।
चुनावों का बाजार पर नहीं होगा कोई बड़ा असर
इस बातचीत में उन्होंने आगे कहा कि इसके पहले के तीन चुनाओं में चुनाव प्रचार के दौरान बाजार में मंदी देखने को मिली थी। वर्ष 1995 और 1998 के चुनावी साल में अनिश्चित राजनीतिक माहौल के कारण बाजार पर दबाव देखने को मिला था। जबकि 2008 का चुनावी साल ग्लोबल फाइनेंशियल क्राइसिस से प्रभावित रहा था। बैंकिंग, वेल्थ मैनेजमेंट, ई-कॉमर्स और कमोडिटी सेक्टर का लगभग दो दशकों का अनुभव रखने वाले अजय का कहना है कि वर्तमान में हमें बाजार के लिए इस तरह का कोई जोखिम नहीं नजर आ रहा है।
रियल एस्टेट में कमाई के मौके
रियल एस्टेट सेक्टर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों के दौरान रियल एस्टेट सेक्टर निवेश के नजरिए काफी ज्यादा विकसित और परिपक्व हुआ है। इसमें तमाम नए-नए निवेश प्रोडक्ट आए हैं। पहले रियल एस्टेट में निवेश के लिए सिर्फ घर या दुकान हुआ करती था। अब आपके लिए इस सेक्टर में निवेश के लिए रिट्स (REITs),फैक्शनल इन्वेस्टमेंट (Factional investing), एनसीडी, एआईएफ और कई दूसरे फाइनेंशियल प्रोडक्ट हैं। आगे इस सेक्टर में अच्छी ग्रोथ की संभावना है।
फर्टिलाइजर सेक्टर में निवेश की सलाह नहीं
फर्टिलाइजर सेक्टर पर अपनी राय देते हुए अजय अग्रवाल ने कहा कि भारत दुनिया में फर्टिलाइजर का दूसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता है। इस सेक्टर को सरकार से भारी मात्रा में सब्सिडी भी मिलती है। आने वाले सालों में इस सेक्टर के 5-6 फीसदी की दर से ग्रोथ करने की उम्मीद है। लेकिन ये बात ध्यान में रखनी चाहिए कि कुछ को छोड़कर तमाम फर्टिलाइजर स्टॉक इस समय अपने ऑलटाइम हाई के करीब चल रहे हैं। कम ग्रोथ रेट और ऊंचे भाव के चलते यह सेक्टर इस समय निवेश के लिए अच्छा नहीं लग रहा है।
बैंकिंग शेयरों का वैल्यूएशन अच्छा
बैंकिंग सेक्टर पर अजय ने कहा कि वर्तमान में प्राइवेट बैंक 16 के औसत पीई पर कारोबार कर रहे हैं और सरकारी बैंक 7 के पीई पर कारोबार कर रहे हैं। वे वर्तमान में अपने पिछले 10 साल के औसत पीई स्तर से 25 फीसदी डिस्काउंट पर कारोबार कर रहे हैं। इनका वैल्यूएशन अच्छा लग रहा है। बैंकिंग सेक्टर के लिए नजरिया पॉजिटिव बना हुआ है।
बाजार के लिए फिलहाल बड़ा खतरा नहीं
बाजार की स्थिति पर बात करते हुए अजय अग्रवाल ने आगे कहा कि जब इजराइल-हमास संघर्ष की खबर आई तो बाजार पहले दिन गिरे और अगले दिन संभल गए। बाज़ार को एहसास है कि जियोपॉलिटिल मुद्दों पर हमारा कोई नियंत्रण नहीं है। वर्तमान में इजराइल-हमास संघर्ष से बाजार को कोई बड़ा खतरा नहीं है। हालांकि, अगर यह संघर्ष बढ़ता है तो निश्चित रूप से इसका असर खराब ही होगा।
इलेक्ट्रिक वाहन सेक्टर में काफी अच्छी ग्रोथ की उम्मीद
ऑटो सेक्टर पर अपनी राय देते हुए अजय अग्रवाल ने कहा कि ऑटो कंपनियों ने हाल ही में अच्छा प्रदर्शन किया है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स ने इस साल अब तक 30 फीसदी रिटर्न दिया है। निफ्टी ने बैंकिंग और ऑटो जैसे सेक्टर्स के दम पर पिछली आठ तिमाहियों में सबसे ज्यादा ग्रोथ दर्ज की है। 2020 के स्तर से 700 फीसदी की बढ़त हासिल करते हुए इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) सेक्टर काफी अच्छा दिख रहा है। आगे हमें ईवी में जोरदार ग्रोथ की उम्मीद है।
क्या आपको लगता है कि आने वाली तिमाहियों में रिटेल महंगाई आरबीआई द्वारा निर्धारित 4 फीसदी के टारगेट से नीचे आ सकती है? आईएमएफ ने वित्त वर्ष 2024 में भारत की महंगाई 5.5 फीसदी और वित्त वर्ष 2025 में 4.6 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है, इस पर आपकी क्या राय है? इसके जबाव में अजय ने कहा कि सितंबर में रिटेल महंगाई गिरकर 5.02 फीसदी पर आ गई। ये बाजार के 5.5 फीसदी के अनुमान से काफी कम है। यह फिलहाल आरबीआई के 2-6 फीसदी के लक्ष्य के दायरे में है। हालांकि, हमें इसके 4 फीसदी से नीचे गिरने की उम्मीद नहीं है। आने वाले महीनों में रिटेल महंगाई लगभग 5 फीसदी के दायरे में रहेगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।