वेल्थ मैनेजमेंट कंपनी आनंद राठी वेल्थ ने जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के लिए वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। साथ ही डिविडेंड और बोनस शेयरों की भी घोषणा की है। सबसे पहले बात करते हैं नतीजों की। तिमाही के दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 29.6 प्रतिशत बढ़कर 287.82 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले रेवेन्यू 221.95 करोड़ रुपये था। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 40.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 103.08 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 73.36 करोड़ रुपये था।
मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 6.7 प्रतिशत गिरकर 84.7 करोड़ रुपये पर आ गया, जो एक साल पहले 90.8 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 1,000 बेसिस पॉइंटस घटकर 29.4 प्रतिशत रह गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 40.9 प्रतिशत था।
डिविडेंड और बोनस शेयरों की डिटेल
Anand Rathi Wealth ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 7 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की घोषणा की है। इस पर अभी आगामी सालाना आम बैठक (AGM) में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। मंजूरी मिलने पर इस डिविडेंड का पेमेंट AGM की तारीख से लेकर अगले 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। इससे पहले कंपनी वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 6 रुपये का अंतरिम डिविडेंड दे चुकी है।
बोनस इश्यू की बात करें तो कंपनी के बोर्ड ने 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है। इसका मतलब है कि शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिलेगा। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। इस प्रपोजल पर भी अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी समेत अन्य मंजूरियां लिया जाना बाकी है। बोनस शेयरों को 7 जून को या उससे पहले पात्र शेयरहोल्डर्स के डीमैट अकाउंट में क्रेडिट कर दिया जाएगा।
दोनों ही कॉरपोरेट एक्शंस के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा बाद में की जाएगी। रिकॉर्ड डेट तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड और बोनस शेयर के हकदार होंगे। कंपनी ने पिछले साल भी बोनस शेयर दिए थे। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर 1 शेयर पर 1 नया शेयर बोनस के तौर पर मिला था।
Anand Rathi Wealth शेयर 4 प्रतिशत उछला
आनंद राठी वेल्थ के शेयरों में 9 अप्रैल को तेजी है। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 5 प्रतिशत तक चढ़कर 3576.75 रुपये के हाई तक गई। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। बाद में शेयर 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 3548 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 29400 करोड़ रुपये हो गया है। शेयर 2 सप्ताह में 18 प्रतिशत और एक साल में 100 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में यह 770 प्रतिशत से ज्यादा तेजी देख चुका है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.11 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। आनंद राठी वेल्थ दिसंबर 2021 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। यह 659.38 करोड़ रुपये का IPO लाई थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।