Anant Raj: हरियाणा में विदेशी कंपनियों का डेटा होस्ट करेगी कंपनी, ऑरेंज बिजनेस के साथ बड़ा समझौता

Anant Raj: अनंत राज का हरियाणा में डेटा सेंटर कारोबार बढ़ाने का प्लान है। ऑरेंज बिजनेस के साथ समझौते से विदेशी कंपनियों का डेटा राज्य में होस्ट करने की तैयारी है। 307 MW क्षमता और 25000 करोड़ रुपये निवेश भी अहम है।

अपडेटेड Oct 07, 2026 पर 5:56 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
7 अक्टूबर को अनंत राज लिमिटेड का शेयर 0.43% बढ़कर 611.50 रुपये पर बंद हुआ।

Anant Raj: अनंत राज लिमिटेड की सब्सिडियरी अनंत राज क्लाउड सिंगापुर और ऑरेंज बिजनेस सर्विसेज सिंगापुर ने हरियाणा सरकार के साथ समझौता किया है। इसका मकसद हरियाणा में विदेशी कंपनियों का डेटा होस्ट करने की संभावनाएं तलाशना है।

यह समझौता हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के जरिए हुआ है। इसके तहत हरियाणा में मौजूद क्लाउड और डेटा सेंटर सेवाओं को विदेशी ग्राहकों तक पहुंचाने पर भी काम होगा।

विदेशी ग्राहकों को जोड़ने का काम करेगी अनंत राज


अनंत राज क्लाउड सिंगापुर, कंपनी के क्लाउड प्लेटफॉर्म अशोक क्लाउड की मार्केटिंग करेगी। इसके साथ ही हरियाणा में मौजूद डेटा सेंटर सेवाओं को भी विदेशी ग्राहकों के सामने रखा जाएगा।

कंपनी ऐसे विदेशी ग्राहकों को जोड़ने में भी मदद करेगी, जो अपना डेटा हरियाणा में रखना चाहते हैं।

AI और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग पर भी फोकस

ऑरेंज बिजनेस डेटा सेंटर और क्लाउड सेवाओं में टेक्नोलॉजी पार्टनर के तौर पर काम करने की संभावनाएं तलाशेगा।

इसमें AI और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है। ऑरेंज बिजनेस टेक्नोलॉजी आर्किटेक्चर, क्लाउड और AI हार्डवेयर और तकनीकी विशेषज्ञता दे सकता है।

हरियाणा में 307 MW क्षमता बनाने की तैयारी

अनंत राज हरियाणा में डेटा सेंटर कारोबार तेजी से बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के ग्रुप की कंपनियां मानेसर, पंचकूला और राय में करीब 307 MW IT लोड की क्षमता विकसित करने की योजना बना रही हैं।

यह निवेश चरणों में किया जाएगा। हालांकि, आगे का निवेश मांग और जरूरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल कंपनी मानेसर और पंचकूला में डेटा सेंटर चला रही है। इन दोनों जगहों पर क्षमता बढ़ाने का काम भी चल रहा है। कंपनी के मुताबिक, सोनीपत के राय कैंपस में करीब 200 MW IT लोड की संभावित क्षमता है।

डेटा सेंटर के लिए 25,000 करोड़ रुपये का निवेश

अनंत राज ने जून 2026 में हरियाणा सरकार के साथ एक और MoU किया था। यह समझौता 'मेक इन हरियाणा' कार्यक्रम के दौरान हुआ था। इसके तहत कंपनी ने राज्य में डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने के लिए 25,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता जताई थी।

हरियाणा सरकार ने भी डेटा सेंटर कारोबार को बढ़ावा देने के लिए डेटा सेंटर पॉलिसी 2026 शुरू की है। इसमें डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने वाली कंपनियों को प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।

2024 से चल रही है ऑरेंज बिजनेस के साथ साझेदारी

अनंत राज और ऑरेंज बिजनेस के बीच यह पहला समझौता नहीं है। दोनों कंपनियों की साझेदारी 2024 में शुरू हुई थी। तब दोनों ने भारत में मैनेज्ड क्लाउड सर्विसेज के लिए साझेदारी की थी। अब नया समझौता इसी साझेदारी को आगे बढ़ाता है।

7 अक्टूबर को अनंत राज लिमिटेड का शेयर 0.43% बढ़कर 611.50 रुपये पर बंद हुआ।

Stock to Buy: इस प्राइवेट बैंक के शेयर में बंपर कमाई का मौका, ब्रोकरेज फर्मों की खरीदने की सलाह

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।