Angel One ने मचाया धमाल, मुनाफे की आंधी से शेयर में दिखी 10% की तूफानी तेजी

Angel One Share Price: मार्च 2026 तिमाही के दौरान एंजेल वन का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 83.5 प्रतिशत बढ़कर 320.23 करोड़ रुपये हो गया। मुनाफा वित्त वर्ष 2026 में घटकर 915 करोड़ रुपये रहा

अपडेटेड Apr 17, 2026 पर 3:59 PM
Story continues below Advertisement
मार्च 2026 तिमाही के दौरान Angel One के खर्च बढ़कर 1027.33 करोड़ रुपये के रहे।

स्टॉक ब्रोकिंग कंपनी एंजेल वन के जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे सामने आने के बाद 17 अप्रैल को शेयरों में अच्छी तेजी है। BSE पर शेयर की कीमत पिछले ​बंद भाव से 12 प्रतिशत तक चढ़कर 327.05 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 10.6 प्रतिशत बढ़त के साथ 323.35 रुपये पर सेटल हुआ। तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज सिटी और इनवेस्टेक इस शेयर पर बुलिश बने हुए हैं। मार्च 2026 तिमाही के दौरान एंजेल वन का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 83.5 प्रतिशत बढ़कर 320.23 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 174.52 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 38 प्रतिशत की ​बढ़ोतरी के साथ 1459.4 करोड़ रुपये रहा। मार्च 2025 तिमाही में यह 1057.8 करोड़ रुपये था।

मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी के खर्च बढ़कर 1027.33 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले खर्च 822.11 करोड़ रुपये के थे। तिमाही के दौरान एंजेल वन ने प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर नॉन कनवर्टिबल डिबेंचर (NCD) जारी करके 50 करोड़ रुपये जुटाए।

Angel One का शेयर एक महीने में 45 प्रतिशत मजबूत


कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 29400 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 28.87 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक महीने में 50 प्रतिशत और 2 सप्ताह में 34 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत 150 प्रतिशत मजबूत हुई है।

ब्रोकरेज ने क्या दी रेटिंग

ब्रोकरेज सिटी ने एंजेल वन के शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और 340 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि इस कंपनी के मामले में मार्च तिमाही में क्लाइंट की ट्रेडिंग एक्टिविटी में मजबूती दिखी। सभी कैटेगरी के ऑर्डर्स पर एवरेज रियलाइजेशन में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। इनवेस्टेक ने भी 'बाय' रेटिंग बरकरार रखते हुए 340 रुपये का टारगेट रखा है। ब्रोकरेज ने कहा कि बेहतर ब्रोकिंग रियलाइजेशन और शुद्ध ब्याज आय की बदौलत मुनाफा अनुमान से ज्यादा रहा है। डिजिटल बिजनेस मॉडल से ऑपरेशन लीवरेज मिल रहा है। शेयर की वैल्युएशन तर्कसंगत है।

Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 5 कारणों से हरियाली, सेंसेक्स 427 अंक तक उछला, निफ्टी 24300 के पार

वित्त वर्ष 2026 के लिए कैसे रहे नतीजे

एंजेल वन का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा वित्त वर्ष 2026 में घटकर 915 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 1172 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 5136.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 5238.37 करोड़ रुपये था। खर्च बढ़कर 3880.35 करोड़ रुपये के रहे, जो एक साल पहले 3655.72 करोड़ रुपये के थे।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।