Vedanta Group News: वेदांता ग्रुप से अलग होकर इसकी आयरन और स्टील बिजनेस की कंपनी वेदांता आयरन एंड स्टील (Vedanta Iron & Steel) के शेयरों ने धमाल मचा दिया है। जब से यह लिस्ट हुआ है, यह लगातार 5% या 10% के अपर सर्किट पर जा रहा है और महज 12 कारोबारी दिनों में इसने निवेशकों का पैसा डबल से अधिक कर दिया। कुछ ही दिन ऐसे रहे, जब इंट्रा-डे में अपर सर्किट पर मुनाफावसूली के बाद यह थोड़ा नरम होकर बंद हुआ, बाकी दिन तो यह अपर सर्किट पर बंद भी हुआ। आज की बात करें तो आज भी यह 10 % के ₹42.64 (Vedanta Iron and Steel Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंचा।
Vedanta Iron & Steel: 12 दिनों में ही डबल
15 मई को यह ₹19.60 के भाव पर था और उसके बाद से यह लगातार नई ऊंचाईयों पर जा रहा है और यह आज ₹42.64 के अपर सर्किट पर पहुंच गया यानी निचले स्तर से 117.55% ऊपर। 15 जून को इसके शेयरों की मार्केट में ₹21 के भाव पर एंट्री हुई थी। इस तेजी के साथ ही वेदांता आयरन एंड स्टील का मार्केट कैप लिस्टिंग के समय ₹8235 करोड़ से बढ़कर अब ₹17 हजार करोड़ के करीब पहुंच गया।
क्या है एक्सपर्ट्स का रुझान?
वेदांता आयरन एंड स्टील के पोर्टफोलियो में सेसा आयरन अयस्क और ईएसएल स्टील के साथ-साथ स्टील, वायर रॉड्स, टीएमटी बार्स और डक्टाइल आयरन पाइप जैसे दूसरे वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स शामिल हैं। पिछले महीने वेदांता के डीमर्जर के बाद अलग हुई कंपनियों की लिस्टिंग के दिन CNBC-TV18 से बातचीत में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा कि उनका विजन 5 करोड़ टन स्टील का प्रोडक्शन करना है, लेकिन शुरुआती लक्ष्य ऑपरेशन्स को 40 लाख टन से बढ़ाकर 1.5 करोड़ टन करना होगा। इसे लेकर एनालिस्ट्स के रुझान की बात करें तो अभी तक इसकी कवरेज किसी ने शुरू नहीं की है। अधिकतर एक्सपर्ट्स का रुझान वेदांता से अलग होकर लिस्ट हुई वेदांता एलुमिनियम पर है और अभी हाल ही में इसे खरीदारी की चौथी रेटिंग मिली थी।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।