APL अपोलो ट्यूब्स के शेयर पर मोतीलाल ओसवाल बुलिश है। ब्रोकरेज फर्म ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ 2150 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। यह टारगेट बीएसई पर शेयर के मौजूदा भाव 1794.65 रुपये से लगभग 20 प्रतिशत ज्यादा है। कंपनी भारत की स्ट्रक्चरल स्टील ट्यूब्स इंडस्ट्री में मार्केट लीडर मानी जाती है। इसका मार्केट शेयर लगभग 55-60 प्रतिशत है। 11 से ज्यादा प्लांट के जरिए इसकी सालाना मैन्युफैक्चरिंग क्षमता 5 मिलियन मीट्रिक टन (MMT) है।
ब्रोकरेज ने अपने रिसर्च नोट में कहा कि अभी APL अपोलो ट्यूब्स को डिमांड से जुड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ये चुनौतियां इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में कम डिमांड, घरेलू बाजार में डीलर लेवल पर स्टॉक कम करना (डी-स्टॉकिंग) और पश्चिम एशिया संकट के कारण दुबई प्लांट के कामकाज पर असर पड़ने की वजह से हैं। दुबई में कामकाज में रुकावट से कंपनी की वॉल्यूम ग्रोथ की रफ्तार पर असर पड़ा है। इसके अलावा कंस्ट्रक्शन की ज्यादा लागत, धीमी इंफ्रा एक्टिविटी और HRC (हॉट रोल्ड कॉइल) की कीमतें कम होने की उम्मीद में डीलरों द्वारा डी-स्टॉकिंग करने से भी घरेलू डिमांड पर असर पड़ा है।
डिमांड कम होने के माहौल में मुनाफा बनाए रखने के लिए मैनेजमेंट ने लागत कम करने और वैल्यू-एडेड प्रोडक्ट्स की हिस्सेदारी बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया है। मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि FY26–FY28 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 13 प्रतिशत CAGR (कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट), EBITDA 18 प्रतिशत CAGR और शुद्ध मुनाफा 18 CAGR से बढ़ेगा। इन सब फैक्टर्स के बेसिस पर ब्रोकरेज ने APL अपोलो ट्यूब्स के शेयर के लिए 2,150 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है और 'बाय' रेटिंग दोहराई है।
APL Apollo Tubes का मार्केट कैप ₹50000 करोड़ के करीब
कंपनी का मार्केट कैप 50000 करोड़ रुपये के करीब है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह 3 महीनों में 10 प्रतिशत कमजोर हुआ है। शेयर BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। बीएसई पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 2,300.90 रुपये और एडजस्टेड लो 1,493 रुपये है। मार्च 2026 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 28.25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
ब्लू ओशियन प्रोजेक्ट्स में बेचेगी हिस्सेदारी
APL अपोलो ट्यूब्स ने 27 जून को शेयर बाजारों को बताया है कि उसके बोर्ड ने ब्लू ओशियन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में पूरी हिस्सेदारी बेचने को मंजूरी दे दी है। यह हिस्सेदारी SG Realtor Private Limited को 160 करोड़ रुपये में बेची जाएगी। ब्लू ओशियन, कंपनी के 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी है। SG Realtor के साथ 31 दिसंबर 2026 को या उससे पहले एक शेयर सेल/परचेज एग्रीमेंट किया जाएगा। ट्रांजेक्शन भी इसी तारीख तक पूरा होने की उम्मीद है। एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक, यह एक रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन है। APL अपोलो ट्यूब्स के प्रमोटर्स और उनके करीबी रिश्तेदारों के पास SG Realtor में 20 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।