HDFC ने अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप की सहयोगी स्वास्थ्य बीमा कंपनी Apollo Munich Health Insurance Company Limited (AMHI) का अधिग्रहण कर लिया है। अपोलो ग्रुप देश का जाना पहचाना नाम है। कंपनी ने अपने 51 फीसदी शेयर HDFC ERGO को बेच दिया है। इस विलय में कंपनी ने 50.8 फीसदी हिस्सेदारी को 1336 करोड़ रुपये और कुछ कर्मचारियों के पास मौजूद 0.4 फीसदी हिस्सेदारी को 10.84 करोड़ रुपये में बेच दिया था। यानी अब AMHI पॉलिसी के धारक HDFC ERGO हेल्थ इंश्योरेंस का हिस्सा बन गए हैं। AMHI की हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी के धारकों की संख्या बहुत ज्यादा है, ऐसे में लोग अब अपनी पॉलिसी को लेकर काफी परेशान दिख रहे हैं। उन्हें इस बात की चिंता सताए जा रही हैं कि उनकी पॉलिसी के साथ क्या होगा ?

इस विलय से Apollo Munich के मौजूदा पॉलिसीहोल्डर पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। साथ ही जिनकी पॉलिसी चल रही है, वो पहले की तरह चलती रहेगी। हालांकि रिन्युल के वक्त इस पॉलिसी के नियम व शर्तों में HDFC ERGO बदलाव कर सकती है। वहीं कैशलेस क्लेम के लिए नेटवर्क अस्पताल और TPA में बदलाव हो जाएगा।

बता दें कि 9 जनवरी 2020 को AMHI, HDFC ERGO का हिस्सा बन गई है। HDFC ERGO हाउसिंग डेवलपमेंट एंड फाइनेंस कॉरपोरेशन (HDFC) और ERGO इंटरनेशनल AG के बीच 51:49 ज्वॉइंट वेंचर है। ERGO इंटरनेशनल AG, Munich Re ग्रुप की इंश्योरेंस यूनिट्स में से एक है।

AMHI की शुरुआत 8 अगस्त 2007 को हुई थी। यह अपोलो हॉस्पिटल ग्रुप और Munich Health के बीच ज्वॉइंट वेंचर था।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।