Man Industries Share Price: दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया (Ashish Kacholia) के साथ 15 अन्य निवेशकों, जिनमें मुख्य रूप से म्यूचुअल फंड भी शामिल हैं, उनको मैन इंडस्ट्रीज (Man Industries) के जरिए तरजीही आधार पर शेयर जारी किए गए हैं, जिसके माध्यम से इसने 250 करोड़ रुपये जुटाए गए हैं। एक एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी गई है। जानकारी के मुताबिक बोर्ड ने इन गैर-प्रवर्तक संस्थाओं को 367 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 5 रुपये मूल्य के 68.11 लाख शेयर जारी करने की मंजूरी दे दी है।
दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया के पोर्टफोलियो में कई शानदार शेयर शामिल हैं। इनमें सफारी इंडस्ट्रीज, बीटा ड्रग्स, पीसीबीएल और यहां तक कि बारबिक्यू नेशन जैसे स्टॉक भी शामिल हैं। अब उन्होंने Man Industries में 50 करोड़ रुपये की राशि का निवेश किया है। उन्हें कंपनी में कुल 13.62 लाख शेयर आवंटित किए गए हैं।
इन्होंने भी ली हिस्सेदारी
शेयर जारी होने के बाद कचोलिया के पास मैन इंडस्ट्रीज में 1.96% हिस्सेदारी होगी। इससे पहले निवेशक के पास कंपनी में कोई हिस्सेदारी नहीं थी। इसके अलावा अन्य निवेशक जिनको शेयर दिए गए हैं उनमें 360 वन अपॉर्चुनिटीज फंड, बंधन म्यूचुअल फंड, आईटीआई म्यूचुअल फंड और एमके इमर्जिंग स्टार्स फंड शामिल हैं।
वित्त वर्ष 2023-24 की 31 दिसंबर को समाप्त तीसरी तिमाही के लिए मैन इंडस्ट्रीज ने 830.28 करोड़ रुपये का कुल रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले वर्ष से 35% ज्यादा है। आज की तारीख में, कंपनी की अघोषित ऑर्डर बुक का मूल्य लगभग 1,300 करोड़ रुपये है, जिसे अगले छह महीनों में निष्पादित किया जाएगा।
वहीं कंपनी के एमडी निखिल मनसुखानी ने कहा, "आने वाली तिमाहियों के लिए हमारे पास मजबूत ऑर्डर बुक है और हम आगे भी मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं। कंपनी आक्रामक रूप से अपनी विस्तार योजनाओं की ओर बढ़ रही है, जो काफी हद तक सही रास्ते पर हैं।"
एक साल में इतना बढ़ा स्टॉक
बता दें कि पिछले एक साल में स्टॉक में 446 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली है। साथ ही शेयर की कीमत 370 रुपये बढ़ी है। एक साल पहले शेयर की कीमत जहां 100 रुपये से कम थी, वहीं अब 5 फरवरी 2024 को एनएसई पर शेयर का क्लोजिंग भाव 453.70 रुपये पर जा चुका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दी गई राय एक्सपर्ट की निजी राय होती है। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए जिम्मेदार नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।