कमर्शियल व्हीकल मेकर अशोक लीलैंड के शेयर में 5 नवंबर को दिन में 11.6 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 171.95 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये के हो गया है। गुरुवार को ज्यादातर ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों में तेजी है और सबसे ज्यादा बढ़त अशोक लीलैंड में ही है। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 3.4 प्रतिशत चढ़ा है।
कंपनी 14 नवंबर को जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली है। अप्रैल-जून, 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 1.5 प्रतिशत बढ़कर 667.77 करोड़ रुपये रहा था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 11.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 13,069.59 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। कुल खर्च 12,314.66 करोड़ रुपये के रहे थे।
अक्टूबर में बिक्री 23 प्रतिशत बढ़ी
अशोक लीलैंड की अक्टूबर महीने में कुल बिक्री सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़ी। यह 21,888 यूनिट्स की रही। एक साल पहले अक्टूबर महीने में बिक्री 17,820 यूनिट्स की थी। मीडियम और हैवी कमर्शियल व्हीकल (M&HCV) सेगमेंट में बिक्री 28 प्रतिशत बढ़कर 13,927 यूनिट रही, जो अक्टूबर 2025 में 10,865 यूनिट्स थी। लाइट कमर्शियल व्हीकल (LCV) सेगमेंट में बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 7,961 यूनिट हो गई। अक्टूबर 2026 में कंपनी की भारत के अंदर बिक्री सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर 20,224 यूनिट्स रही। एक साल पहले आंकड़ा 16,314 यूनिट्स का था।
Ashok Leyland के शेयर का भाव 3 साल में दोगुना
अशोक लीलैंड के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 51.51 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 21 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में कीमत दोगुनी हो चुकी है। BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 215.35 रुपये और एडजस्टेड लो 138.05 रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।