Ather Energy Q4 Results: इलेक्ट्रिक वेईकल बनाने वाली दिग्गज कंपनी एथर एनर्जी ने आज मार्च 2026 तिमाही के कारोबारी नतीजे जारी किए। मार्च तिमाही में कंपनी का घाटा कम हुआ और ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी की सेहत सुधरी है तो रेवेन्यू भी बढ़ा है लेकिन शेयर संभल नहीं पाए लेकिन आखिरी तक पूरा घाटा लगभग रिकवर हो गया। आज बीएसई पर यह 0.03% की मामूली गिरावट के साथ ₹934.40 (Ather Energy Share Price) के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 4.03% फिसलकर ₹897.05 तक आ गया था। बता दें कि इसके शेयरों ने महज 11 महीने में निवेशकों का पैसा तीन गुना से अधिक बढ़ाया था और पिछले साल मई 2025 में लिस्ट होने वाला यह शेयर पिछले महीने अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था।
Ather Energy Q4 Results: खास बातें
मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर एथर एनर्जी का शुद्ध घाटा ₹₹234.4 करोड़ से घटकर ₹100 करोड़ पर आ गया। हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 73.8% बढ़कर ₹1,174.4 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का EBITDA लॉस आधे से अधिक घटकर ₹173 करोड़ से गिरकर ₹70 करोड़ पर आ गया। एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी की दी गई जानकारी के मुताबिक मार्च तिमाही में इसने 83,418 गाड़ियां बेचीं जो सालाना आधार पर 76% अधिक रहा और किसी तिमाही में सबसे अधिक भी। पूरे वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो कंपनी ने 2.62 लाख यूनिट्स की बिक्री की जोकि सालाना आधार पर 69% अधिक रहा।
एथर एनर्जी का कहना है कि भौगोलिक विस्तार, तेजी से बढ़ते खुदरा नेटवर्क और इसके फैमिली स्कूटर रिज्ता (Rizta) के लगातार मजबूत प्रदर्शन के चलते वित्त वर्ष 2026 शानदार रही। कंपनी का रिटेल नेटवर्क वित्त वर्ष 2026 में लगभग दोगुना हुआ और 351 से बढ़कर इसका एक्सपीरिएंस सेंटर 700 पर पहुंच गया। कंपनी का सर्विस नेटवर्क भी इस दौरान लगभग डबल होकर 548 सर्विस सेंटर पर पहुंच गया। कंपनी के पास LECCS से लैस 6,000 से अधिक चार्जिंग पॉइंट हैं। कंपनी का कहना है कि घरेलू मार्केट में इसके बढ़ते दबदबे की मुख्य वजह रिज्ता रही। सबसे तेज ग्रोथ सेंट्रल इंडिया में रही जहां सालाना आधार पर इसकी हिस्सेदारी 9.5% से बढ़कर 17.3% पर पहुंच गई तो देश के बाकी जगहों पर इसकी हिस्सेदारी इस दौरान 6.5% से उछलकर 12.1% पर पहुंच गई। फिलहाल कंपनी का सबसे अधिक दबदबा दक्षिण भारत में है, जहां इसके पास 23.5% मार्केट शेयर है।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल?
एथर एनर्जी के ₹2,981 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹321 के भाव पर शेयर जारी हुए थे और इसकी घरेलू स्टॉक मार्केट में 6 मई 2025 को करीब 2% प्रीमियम पर एंट्री हुई थी। लिस्टिंग के अगले दिन 7 मई 2025 को फिसलकर यह ₹287.30 के भाव पर आ गया था जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 11 महीने में यह 237.63% उछलकर 28 अप्रैल 2026 को ₹970 के भाव पर पहुंच गया था यानी कि 11 ही महीने में निवेशकों का पैसा तीन गुना से अधिक बढ़ गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।