Atmastco IPO Listing: सीलिंग गिर्डर और रेलवे गिर्डर बनाने वाली अत्मास्त्को (Atmastco) के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर शानदार एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसका आईपीओ 17 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 77 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 91 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 18 फीसदी से अधिक लिस्टिंग गेन (Atmastco Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर ऊपर चढ़े। उछलकर यह 95.55 रुपये (Atmastco Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ है यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक करीब 24फीसदी मुनाफे में हैं।
Atmastco IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
अत्मास्त्को का 56.25 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 15-20 फरवरी तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह इश्यू 17.61 गुना सब्सक्राइब हुआ। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 18.24 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 42.20 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा 14.06 करोड़ रुपये के शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री हुई है। ऑफर फॉर सेल का पैसा शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में करेगी।
अप्रैल 1994 में बनी यह कंपनी सीलिंग गिर्डर, रेलवे गिर्डर, कॉलम और ब्रेसिंग, बोल्टेड स्ट्रक्चर्स, बॉक्स कॉलम इत्यादि मुहैया कराती है। इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल पावर एंड एनर्जी, स्टील प्लांट्स, सीमेंट प्लांट्स, रेलवे ब्रिज, वाटर ट्रीमटमेंट प्लांट्स, रिफाइनरी एंड फर्टिलाइजर प्लांट्स और प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग्स में होता है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है।
वित्त वर्ष 2021 में इसे 60.46 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में बढ़कर 3.23 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 12.78 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी सालाना 86 फीसदी से अधिक चक्रवृद्धि दर (CAGR) से उछलकर वित्त वर्ष 2023 में 242.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो अप्रैल-अगस्त 2023 में कंपनी को 6.29 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 670 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।