Esconet Tech IPO Listing: स्टोरेज सर्वर्स, नेटवर्क सिक्योरिटी, वर्चुअलाइजेशन और डेटा प्रोटेक्शन सर्विसेज मुहैया कराने वाली एस्कोनेट टेक (Esconet Tech) के शेयरों की आज घरेलू मार्केट में शानदार एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल 507 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था। आईपीओ के तहत 84 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 290 रुपये के भाव पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 245 फीसदी से अधिक लिस्टिंग गेन (Esconet Tech Listing Gain) मिला। हालांकि इस शानदार एंट्री के बाद मुनाफावसूली का दबाव पड़ा और शेयर फिसल गए। फिसलकर यह 275.50 रुपये (Esconet Tech Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ है यानी कि पहले दिन आईपीओ निवेशक करीब 228 फीसदी मुनाफे में हैं।
Esconet Tech IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
एस्कोनेट टेक का 28.22 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 16-20 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला था। ओवरऑल यह इश्यू 507.24 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 156.02 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 868.05 गुना और खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्सा 553.02 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 33.60 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, सब्सिडियरी जीक्लाउड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
वर्ष 2012 में बनी एस्कोनेट टेक सर्वर्स और ग्राफिक्स वर्कस्टेशंस, डेटा स्टोरेज सॉल्यूशं, वर्चुअलाइजेशन सॉफ्टवेयर, बैकअप और डिजास्टर रिकवरी सॉल्यूशंस, डेटा सेंटर और एक्सेस नेटवर्क्स, एडवांस सॉफ्टवेयर डिफाइंड नेटवर्क्स, नेटवर्क्स सिक्योरिटी टूल्स, ईमेल कम्यूनिकेशन सिस्टम्स, डेटाबेस और लॉग मैनेजमेंट और एनालिटिक्स सॉफ्टवेयर ऑफर करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे 3.04 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 96.91 करोड़ रुपये रेवेन्यू हासिल हुआ था। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में कंपनी को 3.05 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 71.47 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है। कंपनी का कर्ज कम हुआ है और वित्त वर्ष 2023 के आखिरी में इस पर 11.04 करोड़ रुपये का कर्ज था जो सितंबर 2023 में 10.09 करोड़ रुपये पर आ गया।