दवा बनाने वाली कंपनी अरबिंदो फार्मा अपने शेयरहोल्डर्स से 800 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदेगी। कंपनी के बोर्ड ने इस शेयर बायबैक को मंजूरी दे दी है। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि बायबैक के तहत 54,23,728 तक फुली पेड-अप इक्विटी शेयर, शेयरहोल्डर्स से वापस लिए जाएंगे। इनमें से हर एक की फेस वैल्यू 1 रुपये है। अरबिंदो फार्मा इक्विटी शेयरों को 1,475 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर वापस खरीदेगी। इस बायबैक के लिए कुल 800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
यह बायबैक "टेंडर ऑफर" के जरिए किया जाएगा, जिसका मतलब है कि सभी संभावित शेयर बोर्ड द्वारा पहले से तय की गई कीमत, यानि 1,475 रुपये प्रति शेयर पर ही वापस खरीदे जाएंगे। Aurobindo Pharma ने शुक्रवार, 17 अप्रैल, 2026 को इस बायबैक के लिए रिकॉर्ड डेट तय किया है। जिन शेयरहोल्डर्स के डीमैट अकाउंट में गुरुवार, 16 अप्रैल को बाजार बंद होने तक कंपनी के शेयर मौजूद होंगे, वे ही बायबैक में हिस्सा ले सकेंगे।
लगभग दो साल में यह अरबिंदो फार्मा का पहला शेयर बायबैक है। इससे पहले अगस्त 2024 में कंपनी ने 1,460 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 51.36 लाख इक्विटी शेयरों को वापस खरीदने की घोषणा की थी। कंपनी ने इस बायबैक के लिए 750 करोड़ रुपये खर्च किए थे।
Aurobindo Pharma शेयर 6 महीनों में 22% चढ़ा
6 अप्रैल को अरबिंदो फार्मा शेयर फ्लैट नोट पर बंद हुआ। बाजार खुलते ही BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 1.3 प्रतिशत तक गिरकर 1318.25 रुपये के लो तक गया। बाद में 1337.20 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 77600 करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स और प्रमोटर ग्रुप के पास 51.82 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में 22 प्रतिशत चढ़ा है।
कंपनी का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर 910 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 846 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 8,646 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि दिसंबर 2024 तिमाही में यह 7,979 करोड़ रुपये था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।