ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को तेजी देखने को मिली। टॉप तीन कंपनियां मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India), टाटा मोटर्स (Tata Motors) और महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra (M&M) के शेयर अपने-अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गये। इंट्रा-डे ट्रेड में बीएसई पर इनमें 3 प्रतिशत तक की बढ़त नजर आई। यह उछाल आने वाले महीनों में मजबूत डिमांड और अच्छे ऑपरेशनल परफॉर्मेंस की उम्मीद पर आया है। आज सुबह 11:30 बजे एसएंडपी बीएसई ऑटो इंडेक्स लगभग 2 प्रतिशत ऊपर था। ये इंडेक्स इंट्रा-डे ट्रेड में 34,862.77 की नई ऊंचाई पर पहुंच गया। इसकी तुलना में एसएंडपी बीएसई सेंसेक्स 0.7 प्रतिशत बढ़कर 64,378 पर रहा। कैलेंडर वर्ष 2023 में अब तक ऑटो इंडेक्स में 20 प्रतिशत की तेजी आई है, जबकि बेंचमार्क इंडेक्स में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
