Avenue Supermarts के शेयरों में क्यों आई गिरावट? 3 दिनों में 12% टूटी कीमत, तीन महीनों के निचले स्तर पर भाव

Avenue Supermarts के शेयर बुधवार को कारोबार के दौरान 8% फिसलकर अपने तीन महीनों के निचले स्तर पर चले गए

अपडेटेड Jan 12, 2022 पर 6:27 PM
नतीजों के ऐलान के बाद से पिछले तीन कारोबारी सत्र में एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर 12% तक गिर गए हैं

डी-मार्ट (DMart) नाम से रिटेल चेन चलाने वाली कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स (Avenue Supermarts) के शेयरों में बुधवार को इंट्राडे के दौरान भारी गिरावट देखने को मिली। BSE पर एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर इंट्राडे में 8 फीसदी गिरकर 4,165 रुपये पर आ गए, जो इसका तीन महीनों का निचला स्तर है।

एवेन्यू सुपरमार्ट्स का दिसंबर तिमाही का नतीजा मिला-जुला रहा है और उसका मार्जिन एनालिस्टों की उम्मीद से कम रहा है। नतीजों के ऐलान के बाद से पिछले तीन कारोबारी सत्र में एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर 12 फीसदी तक गिर गए हैं। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर अब 16 सितंबर 2021 के बाद के अपने सबसे निचले स्तर पर है।

बुधवार को BSE पर, एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयर 5.07 फीसदी की गिरावट के साथ 4,277.80 रुपये पर बंद हुए। शेयर के अगर प्रदर्शन की बात करें, तो पिछले एक महीने में एवेन्यू सुपरमार्ट्स के शेयरों की कीमत में 10.25 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि पिछले 6 महीने में इसने अपने निवेशकों को 27.47 का मुनाफा दिया है। वहीं पिछले एक साल में इसने निवेशकों को 46.52 फीसदा का रिटर्न मिला है।


HDFC Securities इस केमिकल स्टॉक पर हुआ बुलिश, 3 महीने के टाइमफ्रेम के साथ दिया टारगेट

एवेन्यू सुपरमार्ट्स का नतीजा

बता दें कि एवेन्यु सुपरमार्ट्स का शुद्ध मुनाफा मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही में 24.57 फीसदी बढ़ा है। कंपनी ने बीते शनिवार को एक बयान में बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट 24.57 फीसदी बढ़कर 585.79 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 446.95 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी की ऑपरेशन से होने वाली आमदनी करीब 22 फीसदी बढ़कर 9,065 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 7,432.7 करोड़ रुपये थी।

एवेन्यू सुपरमार्ट्स पर ब्रोकरेज की राय

इस बीच ब्रोकरेज फर्म MACQUARIE ने AVENUE SUPERMART पर आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है और शेयर का लक्ष्य 5450 रुपये तय किया है। उनका कहना है कि तीसरी तिमाही के नतीजे अनुमान से कम रहे हैं और महंगाई भरे माहौल में कंपनी की पोजीशन बेहतर है।

वहीं JEFFERIES ने AVENUE SUPERMART पर अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है और शेयर का लक्ष्य 3800 रुपये तय किया है। उनका कहना है कि 22% रेवेन्यू ग्रोथ के साथ Q3 नतीजे अनुमान के मुताबिक रहे हैं। हालांकि ग्रॉस मार्जिन में थोड़ी कमजोरी नजर आई है। इन्होंने कोविड के चलते इसका EPS अनुमान 3-9% घटाया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।