एक्सिस बैंक लिमिटेड के जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद ब्रोकरेज फर्मों का सकारात्मक रुख बरकरार है। बैंक के शेयर को कवर करने वाले एनालिस्ट्स में से 94 प्रतिशत ने 'बाय' रेटिंग दी है। तिमाही के दौरान बैंक का शुद्ध स्टैंडअलोन मुनाफा 7,071.31 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले के मुनाफे 7,117.50 करोड़ रुपये से लगभग 0.65 प्रतिशत कम है। कुल इनकम लगभग 2 प्रतिशत बढ़कर 38746.64 करोड़ रुपये हो गई। मार्च 2025 तिमाही में यह 38022.03 करोड़ रुपये थी।
शुद्ध ब्याज आय 4.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 14,457 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 13,811 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन (NIM) 3.62 प्रतिशत रहा। मार्च 2026 तिमाही में एक्सिस बैंक का ग्रॉस NPA (Non-Performing Assets) रेशियो 1.23 प्रतिशत रहा। एक साल पहले यह 1.28 प्रतिशत था। नेट NPA रेशियो सालाना आधार पर मामूली रूप से बढ़कर 0.37 प्रतिशत हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 0.33 प्रतिशत था।
मार्च 2026 तिमाही के दौरान बैंक के डिपॉजिट 1335833.97 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले ये 1172952.02 करोड़ रुपये के थे। एडवांसेज 1233569.88 करोड़ रुपये के रहे, जो मार्च 2025 तिमाही के आखिर तक 1040811.32 करोड़ रुपये के थे।
Axis Bank पर ब्रोकरेज फर्मों की प्रतिक्रिया
नोमुरा ने एक्सिस बैंक के शेयर के लिए 1,560 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज का कहना है कि कम ऋण लागत ने कोर परफॉरमेंस में आई कमी की भरपाई करने में मदद की। ब्रोकरेज फर्म को वित्त वर्ष 2027-28 में एसेट पर रिटर्न (RoA) 1.6-1.7 प्रतिशत और इक्विटी पर रिटर्न (RoE) 14-15 प्रतिशत रहने की उम्मीद है। साथ ही आय में 23 प्रतिशत की मजबूत CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ोतरी होने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2028 की प्राइस-टू-बुक वैल्यू (P/B) के 1.4 गुना पर वैल्यूएशन आकर्षक लगती है।
UBS ने भी स्टॉक के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है और प्राइस टारगेट बढ़ाकर 1,620 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कुछ एक-बार के खर्चों के बावजूद कमाई स्थिर रही, लोन ग्रोथ में सुधार हुआ, और मार्जिन गाइडेंस भी लगभग 3.8 प्रतिशत पर स्थिर रहा। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने 1,600 रुपये प्रति शेयर के टारगेट के साथ 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। ब्रोकरेज ने कहा कि रेवेन्यू ग्रोथ में सुस्ती और नॉन-इंटरेस्ट इनकम में कमजोरी ने मजबूत लोन ग्रोथ के असर को कम कर दिया। एक्सिस बैंक के शेयर की वैल्यूएशन में साथियों की तुलना में पहले ही काफी बढ़ोतरी हो चुकी है, जिससे आगे और बेहतर प्रदर्शन की गुंजाइश सीमित हो सकती है।
बर्नस्टीन ने मजबूत लोन ग्रोथ और एसेट क्वालिटी में सुधार का हवाला देते हुए एक्सिस बैंक के शेयर के लिए 1,600 रुपये के टारगेट के साथ 'आउटपरफॉर्म' रेटिंग बनाए रखी है। ब्रोकरेज ने कहा कि मार्जिन पर दबाव और फीस से होने वाली इनकम में कमजोरी बनी रही। लेकिन मार्जिन में कमी की रफ्तार अब धीमी हो रही है। कम स्लिपेज और क्रेडिट कॉस्ट ने बैंक के मुनाफे को सहारा दिया है।
बैंक के शेयर की कीमत 27 अप्रैल को BSE पर लगभग 5 प्रतिशत तक गिरकर 1301 रुपये के लो तक चली गई। बाद में शेयर 3 प्रतिशत गिरावट के साथ 1324.50 रुपये पर सेटल हुआ। बैंक का मार्केट कैप 4.11 लाख करोड़ रुपये है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर एक महीने में 10 प्रतिशत मजबूत हुआ है। एक्सिस बैंक के बोर्ड ने इक्विटी इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए 20,000 करोड़ रुपये तक और डेट (कर्ज) के जरिए 35,000 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दी है। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2026 के लिए प्रति शेयर 1 रुपये का फाइनल डिविडेंड देने का भी फैसला किया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।